कानपुर से हवाई सफर हुआ महंगा: आसमान छूते किराए के चलते एयरपोर्ट निदेशक को भी पकड़नी पड़ी ट्रेन

Amrit Vichar Network
On

दिल्ली का किराया ₹12,500, मुंबई ₹22,000 और बेंगलुरु का किराया ₹23,000 तक पहुँचा; एयरलाइंस की मनमानी से यात्रियों का भरोसा टूटा

दीपावली और छठ पर एयरलाइंस द्वारा किराया चार गुना बढ़ाने से कानपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी कमी रही। एयरपोर्ट निदेशक को भी ट्रेन से सफर करना पड़ा।

अमृत विचार,अमृत विचार:  दीपावली और छठ पूजा जैसे महापर्वों के दौरान कानपुर एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों को भारी निराशा का सामना करना पड़ा है। त्योहारों पर एयरलाइंस द्वारा विमानों का किराया चार गुना से अधिक बढ़ाए जाने के कारण स्थिति इतनी बदतर हो गई कि कानपुर एयरपोर्ट के निदेशक प्रदीप यादव तक को फ्लाइट के बजाय ट्रेन से दिल्ली की यात्रा करनी पड़ी। विमान किराए में बेतहाशा वृद्धि और कानपुर से इकलौती इंडिगो एयरलाइंस के संचालन के चलते यात्रियों ने फ्लाइट्स से दूरी बना ली, जिसका असर पिछले कुछ दिनों के फ्लाइट डेटा में साफ तौर पर देखा जा सकता है।

एयरपोर्ट निदेशक की मजबूरी और प्रतिस्पर्धा की कमी का असर

दीपावली एवं छठ पूजा पर विमानों के किराए में चार गुना से अधिक की बढ़ोतरी पर प्रतिक्रिया देते हुए कानपुर एयरपोर्ट के निदेशक प्रदीप यादव ने स्पष्ट किया कि उनका कार्य एयरपोर्ट का प्रबंध संभालना है, जबकि विमानों का किराया और उड़ानों की देखरेख पूरी तरह से एयरलाइंस के हाथ में होती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कानपुर से केवल इंडिगो एयरलाइंस ही विमानों का संचालन कर रही है। यदि यहाँ दो-चार अन्य एयरलाइंस भी होतीं, तो स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के चलते किराए में कमी आ सकती थी।

बता दें कि कानपुर से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स से यात्रियों का भरोसा पहले ही डगमगा चुका है। एयरलाइंस की लचर सर्विस और आसमान छूते किराए ने बचे-खुचे भरोसे को भी तोड़ दिया है। यही वजह है कि मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु जैसे महानगरों से कुछ यात्री कानपुर आ तो रहे हैं, लेकिन कानपुर से बाहर जाने वाली फ्लाइट्स में यात्रियों की भारी कमी बनी हुई है। पर्व के इस सुनहरे अवसर पर यदि एयरलाइंस चाहती, तो आकर्षक ऑफर देकर अधिक से अधिक यात्रियों को कानपुर एयरपोर्ट से जोड़ सकती थी, लेकिन मुनाफा कमाने की होड़ में एयरलाइंस ने यह मौका भी गंवा दिया।

लखनऊ एयरपोर्ट को प्राथमिकता दे रहे यात्री

कानपुर एयरपोर्ट पर विमानों के संचालन और सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों का अनुभव बहुत अच्छा नहीं रहा है। यही कारण है कि यात्री कानपुर के बजाय अमौसी स्थित लखनऊ एयरपोर्ट से उड़ान भरना ज्यादा पसंद करते हैं। त्योहारों के दौरान ट्रेनों और बसों में उमड़ी भारी भीड़ का फायदा उठाकर यदि एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रबंधन किराए में रियायत देते, तो कानपुर एयरपोर्ट की रौनक वापस लौट सकती थी।

सामान्य दिनों में कानपुर से दिल्ली का हवाई किराया ₹4,000 से ₹5,000 के बीच रहता है, जो त्योहारों पर बढ़कर ₹12,500 तक पहुँच गया। इसी प्रकार मुंबई का किराया ₹22,000 और बेंगलुरु का किराया ₹23,000 तक पहुँच गया। अत्यधिक किराए के कारण यात्रियों ने विमान के बजाय ट्रेन और बसों का सफर बेहतर समझा।

पिछले कुछ दिनों के आंकड़े भी कानपुर से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स की बदहाल स्थिति की गवाही दे रहे हैं

7 नवंबर 2026: दिल्ली से 192 यात्री कानपुर आए, जबकि कानपुर से दिल्ली के लिए मात्र 87 यात्रियों ने उड़ान भरी।

8 नवंबर 2026: बेंगलुरु से 182 यात्री आए और 78 गए; दिल्ली से 188 आए और केवल 27 गए; जबकि मुंबई से 185 यात्री आए और 52 यात्रियों ने मुंबई के लिए उड़ान भरी।

9 नवंबर 2026: बेंगलुरु से 132 यात्री आए और 188 गए; दिल्ली से 88 आए और 27 गए; वहीं मुंबई से 153 यात्री आए और 113 यात्रियों ने मुंबई की यात्रा की।

10 नवंबर 2026: दिल्ली से 172 यात्री कानपुर आए और 137 गए, जबकि मुंबई से 182 यात्री कानपुर आए और 161 यात्री मुंबई वापस गए।

यह भी पढ़ें:-

भाई दूज पर ट्रेनों में उमड़ी भीड़: अछल्दा स्टेशन पर मेमू ट्रेन में चढ़ने के लिए मची जद्दोजहद, पायदान पर सफर करने को मजबूर हुए लोग

संबंधित समाचार