बाराबंकी : डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, दूर तक घसीटा, मां-बेटे की मौत, पुलिसकर्मी पर लगा यह बड़ा आरोप
मां और मासूम की मौत से मचा कोहराम, सड़क पर उतरे परिजन, पुलिसकर्मी पर मोबाइल छीनने का आरोप, तीन बेटियों के बाद पैदा हुआ था बेटा
बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महमूदाबाद-लखनऊ हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाबा कुटी के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी और बाइक को काफी दूर तक घसीटता ले गया। इस दर्दनाक हादसे में मां और उनके 5 महीने के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतका के पति अनिल यादव बाल-बाल बच गए।
बाराबंकी, अमृत विचार : बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। महमूदाबाद-लखनऊ हाईवे पर बाबा कुटी के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में मां और पांच माह के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति अनिल यादव बाल-बाल बच गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर बाइक को काफी दूर तक घसीटता ले गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
फाइल फोटो
जानकारी के मुताबिक, माहिगवां निवासी अनिल यादव अपनी पत्नी पूनम यादव और पांच माह की बच्चे के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाबा कुटी के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पूनम और मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक वह अपनी पत्नी पूनम और पांच माह के बेटे अयांश के साथ फतेहपुर क्षेत्र स्थित एक मंदिर में दर्शन और प्रसाद चढ़ाने गए थे। बताया गया कि परिवार में तीन बेटियों के बाद बेटे का जन्म हुआ था। इसके लिए परिवार ने मंदिर में मन्नत मांगी थी। आज मन्नत पूरी होने पर परिवार प्रसाद चढ़ाने पहुंचा था। मंदिर में पूजा-अर्चना और प्रसाद चढ़ाने के बाद तीनों बाइक से लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान बाबा कुटी तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पूनम और मासूम अयांश की जान चली गई, जबकि वह बाल-बाल बच गया।
हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर घंटों तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। प्रदर्शनकारियों ने हादसे के लिए जिम्मेदार डंपर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान मृतका के पति अनिल और परिजनों ने सिपाही राकेश यादव पर मृतका के पति का मोबाइल छीनने का भी आरोप लगाया और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। सूचना पर एएसपी विवेक तिवारी, सीओ, एसडीएम समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। देर तक हाईवे पर प्रदर्शन और जाम की स्थिति बनी रही।
यह भी पढ़ें : NHM कर्मचारियों को मिलेगा लाभ : स्थानांतरण नीति लागू, Salary Policy और समान कार्य-समान वेतन पर शीघ्र निर्णय की उम्मीद
