बरेली में आतिशबाजी से हवा हुई जहरीली: राजेंद्रनगर में AQI पहुँचा 276, प्रदूषण इमरजेंसी जैसे हालात से सांस लेना हुआ दूभर

Amrit Vichar Network
On

कई दिनों तक हवा में बनी रहेगी बारूदी धमाकों की गूंज और धुएं की चादर, विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की दी सलाह

गाड़ियों का धुआं और सड़कों से उड़ते धूल के गुबार पहले ही नाथनगरी की आवो-हबा खराब कर रहे थे, अब दिवाली की रात हुए धूम-धड़ाके ने शहर में प्रदूषण इमरजेंसी जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। एक ही रात में कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 276 तक जा पहुंचा है। तेजी से बढ़े वायु और ध्वनि प्रदूषण के साइड इफैक्ट बुजुर्ग, बीमार और बच्चों के लिए खतरनाक माने जा रहे हैं। सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन, कान और गले में दिक्कतें देखी जा रही हैं। है

बरेली,अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के बरेली में दीपावली की रात हुई भारी आतिशबाजी का असर अगले दिन शहर की हवा में साफ नजर आया। त्योहार से एक दिन पहले तक सामान्य रही वायु गुणवत्ता अचानक काफी खराब हो गई है, जिससे शहर में प्रदूषण इमरजेंसी जैसे हालात पैदा हो गए हैं। राजेंद्रनगर निगरानी केंद्र पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) उछलकर 276 तक पहुँच गया, जबकि जीआईसी केंद्र पर भी AQI बढ़कर 159 रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते एहतियात नहीं बरती गई, तो यहाँ के हालात भी दिल्ली जैसे विकराल हो सकते हैं।

राजेंद्रनगर और जीआईसी केंद्रों के आंकड़ों में बड़ा अंतर

प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अनुसार, शहर के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण का स्तर अलग-अलग दर्ज किया गया है। राजेंद्रनगर में पीएम-2.5 का स्तर 8 नवंबर को 65 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर था, जो अगले दिन बढ़कर 113 पर पहुँच गया। नवंबर के शुरुआती नौ दिनों के आंकड़ों पर गौर करें तो राजेंद्रनगर में स्थिति पहले से ही चिंताजनक रही है, जहाँ दो नवंबर को AQI 418 के उच्चतम स्तर पर पहुँच गया था।

वहीं, जीआईसी केंद्र पर पीएम-2.5 की मात्रा 61 से बढ़कर 78 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज की गई। नौ दिनों के औसत आंकड़ों के मुताबिक राजेंद्रनगर का औसत AQI 320.6 और जीआईसी का 133.1 रहा, जो यह बताता है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता में काफी अंतर है।

स्वास्थ्य पर पड़ रहा बुरा असर, डॉक्टरों की चेतावनी

बढ़े हुए वायु और ध्वनि प्रदूषण के कारण बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा के मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एएम अग्रवाल ने बताया कि बढ़े हुए AQI से सांस के पुराने रोगियों को घरघराहट और सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. एलके सक्सेना के अनुसार, तेज धमाकों से कान के परदों को नुकसान और तेज आवाज से सुनने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। वहीं नेत्र सर्जन डॉ. डीएन सिंह ने बताया कि प्रदूषण और धुएं के कारण आंखों में जलन, ड्राइनेस और लगातार पानी आने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिसके लिए बाहर निकलते समय चश्मे का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। स्थानीय नागरिकों और शिक्षाविदों ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए पटाखों से दूरी बनाने और केवल दीपों के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।

यह भी पढ़ें:-

दिल्ली NCR की हवा हुई जहरीली, आतिशबाजी से AQI 418 : मध्य प्रदेश में तेजी से गिरा तापमान, लखनऊ में सुबह कोहरे जैसी धुंध के बाद खिली धूप

संबंधित समाचार