68,500 शिक्षक भर्ती आरक्षण विसंगति : 71 वे दिन भी अभ्यर्थियों का धरना जारी, दीपावली पर भी नहीं गया कोई घर
लखनऊ इको गार्डन में गूंजी न्याय की मांग, 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के आदेशों का अनुपालन कर परिणाम संशोधित करने और नियुक्ति देने की मांग
लखनऊ, अमृत विचार : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती की आरक्षण विसंगति के पर न्याय की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का अनवरत धरना प्रदर्शन दीपावली के बाद भी जारी है। आंदोलन के 71 वे दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने लखनऊ स्थित ईको गार्डन में एकत्रित होकर प्रदेश सरकार से अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद किया।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, नई दिल्ली, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश तथा विधान परिषद की सामाजिक न्याय एवं सद्भाव समिति द्वारा जारी आदेशों एवं संस्तुतियों का अनुपालन कराया जाए। ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी में मानते हुए 150 पूर्णांक में से 60 अंक अर्थात् (40 प्रतिशत) के आधार पर भर्ती का परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाए। साथ ही आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा वर्मा ने कहा कि पिछले 71 दिनों से अभ्यर्थी लगातार धरना दे रहे हैं। हम अभ्यर्थी भूखे-प्यासे संघर्ष करने को मजबूर हैं। नवरात्रि, दशहरा, करवाचौथ और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार भी अभ्यर्थियों को अपने घर-परिवार से दूर धरना स्थल पर मनाने पड़े। उन्होंने कहा कि आठ वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों की पीड़ा पर सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार एवं बेसिक शिक्षा मंत्री से मांग की कि आयोगों के आदेशों का तत्काल अनुपालन कर परिणाम संशोधित किया जाए और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। इस दौरान नवीन चौधरी, दीपक पटेल, उत्कर्ष पटेल, रंजना जायसवाल, अरविंद, मनोज, अनस, अविनाश मौर्य सहित सैकड़ों अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
