लेसा की लापरवाही: टूटे तार की चपेट में आने से 65 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में आक्रोश, जांच के आदेश

Amrit Vichar Network
On

गोला कुआं गांव की घटना: कई दिनों से खेत में पड़ा था चालू बिजली का तार, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग

लखनऊ के काकोरी स्थित गोला कुआं गांव में टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से 65 वर्षीय राजवती की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क,अमृत विचार: लखनऊ के काकोरी के गोला कुआं गांव में सोमवार को खेत में गई 65 वर्षीय वृद्ध महिला की जमीन पर टूटे पड़े हाईटेंशन/बिजली के तार की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद मृतक परिवार में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर विरोध जताया।

खेत में काम के दौरान करंट की चपेट में आईं राजवती

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोला कुआं गांव निवासी मदन मौर्या की 65 वर्षीय पत्नी राजवती सोमवार को रोजाना की भांति अपने खेत की तरफ गई थीं। इसी दौरान खेत में पहले से टूटकर गिरे पड़े बिजली के तार से वे बेखबर थीं। जैसे ही उनका पैर तार से संपर्क में आया, उसमें प्रवाहित हो रहे हाई वोल्टेज करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही झुलसने के कारण राजवती की दर्दनाक मौत हो गई।

कई दिनों से टूटा पड़ा था तार, ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप

हादसे की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि खेत में बिजली का तार कई दिनों से टूटा पड़ा हुआ था और उसमें करंट दौड़ रहा था। इसकी जानकारी के बावजूद विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों ने तार को दुरुस्त करने या आपूर्ति बंद करने की जहमत नहीं उठाई।

ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर लापरवाह बिजली कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

मध्यांचल ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने अमौसी जोन को विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जांच टीम को जल्द से जल्द पूरी रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को सौंपने के निर्देश जारी किए गए हैं। अमौसी जोन के मुख्य अभियंता रामकुमार ने बताया कि इस मामले में जांच कराई जाएगी। दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ें:-

UP Electricity News: 55 साल की उम्र में हटाए गए संविदा बिजली कर्मियों की होगी वापसी, जानें कब तक कर सकेंगे नौकरी

संबंधित समाचार