बाराबंकी : निर्माण स्थल बना हादसे की वजह, बाइक सवार दो युवकों की मौत
भेलसर-टिकैतनगर मार्ग पर निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही, बिना संकेतक और बैरिकेडिंग के सड़क पर रखे ईंटों से टकराई थी बाइक, दो युवकों की मौत
भेलसर-टिकैतनगर मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण और पुल निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। शनिवार रात अंधेरे में बिना संकेतक और बैरिकेडिंग के रखे गए ईंटों के ढेर से टकराकर बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई।
बाराबंकी, अमृत विचार : भेलसर-टिकैतनगर मार्ग पर सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही दो युवकों की जान पर भारी पड़ गई। सड़क चौड़ीकरण और पुल निर्माण के लिए सड़क किनारे लगाए गए ईंटों के ढेर से शनिवार रात बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। निर्माण स्थल पर न तो संकेतक लाइट लगी थी और न ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था थी। अंधेरे में ईंटों का ढेर दिखाई नहीं देने से हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, टिकैतनगर कोतवाली क्षेत्र के चिर्रा गांव निवासी जय प्रकाश सिंह (30) पुत्र उदयभान सिंह और पवन सिंह (28) पुत्र कमिश्नर सिंह शुजागंज से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। भेलसर-टिकैतनगर मार्ग पर किसान कान्वेंट इंटर कॉलेज के पास लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण और माइनर पर पुल निर्माण का काम कराया जा रहा है। निर्माण सामग्री के रूप में सड़क किनारे ईंटों का ढेर लगा हुआ था।
इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अंधेरे में ईंटों के ढेर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकैतनगर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हिंद अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। एक ही गांव के दो युवकों की मौत से चिर्रा गांव में मातम पसरा है। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
