श्रावस्ती : छह साल की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी किशोर हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

इकौना थाना क्षेत्र की घटना से इलाके में आक्रोश, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराई गई बच्ची

श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में एक छह वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात के बाद गंभीर हालत में पीड़िता को उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इकौना (श्रावस्ती), अमृत विचार : इकौना थाना क्षेत्र में छह साल की मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक किशोर ने बच्ची को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। घटना के बाद पीड़िता खून से लथपथ हालत में किसी तरह अपने घर पहुंची। उसकी हालत देखकर मां के होश उड़ गए।

बताया जा रहा है कि बच्ची की हालत बेहद नाजुक थी। वह कई घंटों तक दर्द से तड़पती रही और बेहोश हो गई। मां तत्काल बच्ची को लेकर थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसे किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। 

उधर, गंभीर रूप से घायल बच्ची को चिकित्सकीय निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। छह साल की मासूम के साथ हुई इस घटना से इलाके में आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:- बाबरी विध्वंस पर मौलाना युसुब अब्बास का बड़ा बयान: बोले- उस दिन पूरा देश रो रहा था, चंद लोग ही हंस रहे थे, अखिलेश के अयोध्या दौरे पर भी रखी बेबाक राय

संबंधित समाचार