बिहार : IPS भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह पर खगड़िया में FIR, पिस्टल छीनने का लगा आरोप
बिहार पुलिस के इंस्पेक्टर से पिस्टल छीनने की कोशिश, पूजा सिंह समेत 7 पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज
खगड़िया स्थित आवास के अंदर जाने की जिद पर अड़ी पूजा सिंह नाम की महिला ने बिहार के मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह से पिस्टल छीनने का प्रयास किया और "गोली मार दो या एनकाउंटर कर दो" की धमकी दी। यह आरोप लगाते हुये इंस्पेक्टर ने लिखित शिकायत की । जिसके बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और बदसलूकी के आरोप में पूजा सिंह समेत परिवार के 7 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
लखनऊ, अमृत विचार : गोली मार दो या एनकाउंटर कर दो, लेकिन जब तक आवास के अंदर जाने नहीं दिया जायेगा, किसी को आने- जाने नहीं देंगे, यह कह कर पूजा सिंह ने इंस्पेक्टर से पिस्टल छीनने का प्रयास किया। यह आरोप लगाते हुये बिहार स्थित खगड़िया जिले के मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने पूजा सिंह समेत उनके परिवार के सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है।
दरअसल, खगड़िया के चर्चित तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब गंभीर कानूनी व आपराधिक मामले में तब्दील हो गया है। सरकार के आदेश पर एसपी भानु प्रताप सिंह के पुलिस मुख्यालय में योगदान देने के बाद खगड़िया के मुफस्सिल थाने में उनकी पत्नी पूजा सिंह समेत मायके पक्ष के कई लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
जानिये थानाध्यक्ष ने लिखित शिकायत में क्या कहा...
अमरजीत प्रताप सिंह ने लिखित शिकायत में कहा है कि वह वर्तमान में मुफस्सिल थाना, खगड़िया में थानाध्यक्ष के पद पर पदस्थापित हैं। 3.11.2026 को समय करीब 07:15 बजे से समय करीब 09:15 बजे तक तथा समय करीब 17:00 बजे से 4.11.2026 को समय करीब 06:30 बजे तक पूजा सिंह द्वारा आम राहगीरों को रोककर पुलिस अधीक्षक, खगड़िया के सरकारी आवास जिसके अंदर अन्य कई महत्वपूर्ण कार्यालय जैसे- गोपनीय शाखा, जिला आसूचना इकाई, आदि कार्यरत हैं जहाँ हमेशा गाड़ियों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों का आवागमन लगा रहता है, के मुख्य द्वार पर धरना देकर आवागमन अवरुद्ध किया गया। जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
थानाध्यक्ष ने आगे शिकायत में लिखा है कि पूजा सिंह को आवास के सामने से हटने हेतु कहने पर वे कई बार उग्र हो जा रही थीं, इसी क्रम में उनके द्वारा मेरा सर्विस पिस्टल पकड़ने का प्रयास किया गया तथा बोला गया कि "मुझे शूट कर दो, एनकाउंटर कर दो, जब तक मुझे आवास के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा मैं किसी को आने-जाने नहीं दूंगी"। स्पष्ट है कि उनके द्वारा लोक शांति भंग कराने के उद्देश्य से प्रकोपित करने हेतु ऐसा कृत्य किया गया। पूजा सिंह से बात-चीत के क्रम में उनके द्वारा बताया गया कि "मुझे धनवंत सिंह राठौर भैया एवं अन्य ने यहाँ पहुँचाया है। मेरी मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मौसा प्रहलाद मिश्रा, धनवंत सिंह राठौर भैया तथा अन्य करीबी लोगों के द्वारा मुझे निर्देशित किया गया है कि SP आवास के सामने से तब तक नहीं हटना है जब तक तुम्हारी बात न मान ली जाए"।
बता दें कि यह एफआईआर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने अपने स्वतः बयान के आधार पर दर्ज कराई है। इस केस में पूजा सिंह के अलावा उनके पिता जीवन राम पारीक, मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, आरती सिंह, सोनू सिंह, प्रहलाद मिश्रा तथा पटना के चांदमारी रोड निवासी धनवंत सिंह राठौर को नामजद आरोपित बनाया गया है।
मुख्यालय ट्रांसफर के तुरंत बाद एक्शन
गौरतलब है कि बीते दिनों एसपी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी के बीच का विवाद सार्वजनिक होने के बाद सरकार ने कड़ा रुख अपनाया था। भानु प्रताप सिंह को खगड़िया एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश जारी किया गया था। उनके मुख्यालय ज्वाइन करते ही खगड़िया पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाने में केस दर्ज कर आगे की कानूनी तफ्तीश शुरू कर दी है।
