Shravasti News : धार्मिक जलसे से लौट रहे बाइक सवार की दर्दनाक मौत, दो छोटे भाई और तीन बहनों के सिर से उठा सहारा
श्रावस्ती के हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में बदला चौकी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 18 वर्षीय बाइक सवार कारी इलियास फैजी की मौत हो गई, साथी नूरे आलम घायल हो गए।
श्रावस्ती में धार्मिक जलसे से बाइक पर घर लौट रहे 18 वर्षीय कारी इलियास फैजी की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे में उनका साथी नूरे आलम घायल हो गया। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।
बदला चौराहा (श्रावस्ती), अमृत विचार। श्रावस्ती में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में 18 वर्षीय कारी इलियास फैजी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार नूरे आलम को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
धार्मिक जलसे से लौटते समय हुआ हादसा
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शिकारी चौड़ा गांव के मजरा गणेशपुर निवासी कारी इलियास फैजी (18) मंगलवार को नूरे आलम के साथ बाइक से पकड़िया गांव में आयोजित धार्मिक जलसे में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बहराइच-जमुनहा मार्ग पर बदला चौकी के सामने मिर्जापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे में कारी इलियास गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि नूरे आलम को हल्की चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कारी इलियास को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मल्हीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
मुंबई में रहते हैं पिता, घर में मचा कोहराम
कारी इलियास परिवार में सबसे बड़े थे। उनके दो छोटे भाई और तीन छोटी बहनें हैं। पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। हादसे की सूचना उन्हें दे दी गई है। बेटे की मौत की खबर से घर में मातम पसरा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, पुलिस फरार वाहन चालक की पहचान और तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें:-
CM योगी का सपा पर हमला, बोले- तब पैसे देने पर मिलती थी नौकरी, प्रतिभाओं को नहीं मिलता था मौका
