दिल्ली में पहली बार AQI 403 के पार : गाजियाबाद में घनी धुंध की चादर, गंभीर श्रेणी में पहुंचा प्रदूषण
आईआईटी दिल्ली का एक्यूआई 488 वहीं, चांदनी चौक और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में भी प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक रहा।
दिल्ली और गाजियाबाद में वायु प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस सीजन पहली बार वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 403 तक पहुंच गया, जिससे हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। वहीं, गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को खराब हवा का सामना करना पड़ रहा है। घनी धुंध और जहरीली हवा के कारण सांस संबंधी परेशानियों का खतरा बढ़ गया है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर ने दोनों शहरों में स्वास्थ्य और पर्यावरण को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण ने एक बार फिर खतरनाक स्तर पर दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह इस मौसम में पहली बार वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 403 तक पहुंच गया और हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। शहर के कई इलाकों में घनी धुंध छाने से दृश्यता भी कम हो गई। सबसे खराब स्थिति आईआईटी दिल्ली की रही, जहां एक्यूआई 488 दर्ज किया गया। इसके अलावा चांदनी चौक और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में भी प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक रहा।
आईआईटी दिल्ली में सबसे खराब स्थिति, 488 पहुंचा AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर ऐप के अनुसार, शुक्रवार सुबह 6:05 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 403 दर्ज किया गया। सुबह आठ और नौ बजे भी यह इसी स्तर पर बना रहा। सुबह आठ बजे तक आंकड़े उपलब्ध कराने वाले 58 निगरानी केंद्रों में से 33 में हवा गंभीर, 24 में बेहद खराब और एक केंद्र पर मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।
प्रदूषण के लिहाज से आईआईटी दिल्ली सबसे प्रभावित रहा। यहां एक्यूआई 488 दर्ज किया गया। इसके बाद चांदनी चौक में 479 और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 478 एक्यूआई रहा। बुराड़ी क्रॉसिंग में 456, जबकि आईटीओ और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में 451 दर्ज किया गया।
आनंद विहार से रोहिणी तक हवा की हालत खराब
दिल्ली के कई अन्य इलाकों में भी प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया। जहांगीरपुरी में एक्यूआई 430, वजीरपुर में 427, आनंद विहार में 419, रोहिणी में 413, आईजीआई एयरपोर्ट के टी-3 क्षेत्र में 403 और टिकरी कलां में 402 दर्ज किया गया। सुबह कई इलाकों में धुंध की मोटी परत छाई रही, जिससे लोगों को आवाजाही में भी परेशानी हुई।
ग्रैप-3 पहले से लागू, कई गतिविधियों पर रोक
प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने छह नवंबर को ही एनसीआर में ग्रैप का तीसरा चरण लागू कर दिया था। इसके तहत धूल पैदा करने वाली कई निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। पत्थर तोड़ने वाली इकाइयों और खनन गतिविधियों को बंद करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा दिल्ली और एनसीआर के अधिक वाहन घनत्व वाले जिलों में बीएस-तीन पेट्रोल और बीएस-चार डीजल या इससे पुराने हल्के मोटर वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी लगाई गई है। कुछ श्रेणियों के पुराने डीजल मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी रोक है।
450 पार हुआ AQI तो लागू होगा ग्रैप-4
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। यदि दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 450 से अधिक होकर गंभीर प्लस श्रेणी में पहुंचता है, तो प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप का चौथा चरण लागू किया जाता है। फिलहाल दिन का अंतिम औसत एक्यूआई शाम चार बजे दर्ज किया जाएगा।
सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा न्यूनतम तापमान
प्रदूषण के बीच मौसम के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सफदरजंग मौसम केंद्र में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। इससे पहले इस साल 19 जनवरी को दिल्ली की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंची थी, जब 24 घंटे का औसत एक्यूआई 410 दर्ज किया गया था।
ये भी पढ़ें :
जाकिर नाइक पर गृह मंत्रालय का एक्शन : इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर प्रतिबंध 5 साल के लिए बढ़ा, बताया देश की सुरक्षा के लिए खतरा
