RAILWAY में सुरक्षा का नया ब्लूप्रिंट : AI रखेगा अपराधियों पर नजर, महिला-बाल सुरक्षा पर फोकस, RPF के नए DG का बड़ा विजन

Amrit Vichar Network
Edited By Anuj Sharma
On

पदभार संभालते ही डीजी जितेंद्र कुमार ने तय कीं RPF की प्राथमिकताएं, यात्री सुरक्षा सर्वोपरि, महिला-बाल संरक्षण और मानव तस्करी रोकने पर रहेगा जोर

नवनियुक्त डीजी जितेंद्र कुमार ने साफ किया है कि अब रेलवे सुरक्षा बल AI, डेटा एनालिटिक्स और आधुनिक तकनीकों से लैस होकर यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करेगा। महिला सुरक्षा, मानव तस्करी पर रोक और संवेदनशील पुलिसिंग पर विशेष फोकस रहेगा।

नई दिल्ली, अमृत विचार।  देशभर में रोजाना करोड़ों यात्रियों की सुरक्षा संभालने वाली रेलवे सुरक्षा बल (RPF) अब तकनीक और इंटेलिजेंस आधारित पुलिसिंग की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने की तैयारी में है। रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक जितेंद्र कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद जारी अपने विजन संदेश में साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में RPF की प्राथमिकताओं में महिला सुरक्षा, बच्चों की सुरक्षा, मानव तस्करी पर रोक और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई सबसे ऊपर रहेगी। अपने संदेश के अंत में उन्होंने RPF के आदर्श वाक्य "यशो लभस्व" का उल्लेख करते हुए कहा कि बल का हर सदस्य साहस, संवेदनशीलता, पेशेवर दक्षता और ईमानदारी के साथ कर्तव्य निभाए, ताकि रेलवे यात्रियों का भरोसा और संगठन की प्रतिष्ठा दोनों लगातार मजबूत होती रहें।

नए डीजी ने कहा कि भारतीय रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि देश की जीवनरेखा है। ऐसे में रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा और यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना RPF की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बदलते सुरक्षा परिदृश्य में पारंपरिक व्यवस्था पर्याप्त नहीं है और अब सुरक्षा तंत्र को अधिक सक्रिय, तकनीक-सक्षम और इंटेलिजेंस आधारित बनाना होगा।

मानव तस्करी, महिलाओं -बच्चों के के खिलाफ अपराध पर लगेगी लगाम

अपने संदेश में जितेंद्र कुमार ने विशेष रूप से मानव तस्करी, महिलाओं के खिलाफ अपराध, बच्चों के शोषण और संगठित आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों को गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनें अक्सर अपराधियों के निशाने पर रहती हैं, इसलिए RPF को पहले से अधिक सतर्क और त्वरित कार्रवाई करने वाली फोर्स बनना होगा। डीजी ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य की RPF तकनीक के सहारे काम करेगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल इंटेलिजेंस, एडवांस सर्विलांस सिस्टम और प्रेडिक्टिव पुलिसिंग को सुरक्षा रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाएगा। इससे अपराध की आशंका वाले क्षेत्रों की पहले पहचान कर प्रभावी कदम उठाने में मदद मिलेगी।

काम में पारदर्शिता और संवेदनशील रवैया पर फोकस होगा  

डीजी ने RPF कर्मियों से महिला यात्रियों, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और संकटग्रस्त यात्रियों के प्रति अधिक संवेदनशील रवैया अपनाने का आह्वान किया। उनका कहना है कि सुरक्षा के साथ मानवीय व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि जनता का विश्वास ही किसी सुरक्षा बल की सबसे बड़ी ताकत होता है। जितेंद्र कुमार ने प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को भी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बदलती चुनौतियों से निपटने के लिए जवानों और अधिकारियों को लगातार अपस्किल करना होगा। साथ ही उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही, आपसी विश्वास और टीमवर्क को संगठन की सफलता का आधार बताया।

संबंधित समाचार