Bareilly News: बरेली की प्रीति ने 18 हजार फीट की ऊंचाई पर रचा रिकॉर्ड, 15 सेकंड में लगाए सात पुश-अप
लेह-लद्दाख के फोटी ला दर्रे पर 15 सेकंड में बनाया रिकॉर्ड, दूसरे बच्चे के जन्म के बाद चुना था फिटनेस कोचिंग का रास्ता
बरेली कैंट की फिटनेस एवं न्यूट्रिशन कोच प्रीति सिंह ने लेह-लद्दाख के फोटी ला दर्रे पर 18,124 फीट की ऊंचाई पर 15 सेकंड में सात पुश-अप लगाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। दूसरे बच्चे के जन्म के बाद फिटनेस को पेशा बनाने वाली प्रीति अब ऑनलाइन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित कर रही हैं।
प्रीति ने बताया कि इतनी ऊंचाई पर ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण सांस लेने में परेशानी हो रही थी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। लगातार प्रयास के बाद 15 सेकंड में सात पुश-अप पूरे किए। उनकी इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में जगह मिली है।
दूसरे बच्चे के जन्म के बाद बदली जिंदगी की दिशा
प्रीति ने बताया कि दूसरे बच्चे के जन्म के बाद उन्होंने फिटनेस कोचिंग को अपना पेशा बनाने का फैसला किया। उनका मानना है कि महिलाएं घर और परिवार की जिम्मेदारियों में अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने फिटनेस के क्षेत्र में कदम रखा। वर्तमान में वह ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक कर रही हैं।
युवाओं को जंक फूड से दूर रहने की सलाह
प्रीति का कहना है कि रोजाना 10 से 12 घंटे काम करने वाले लोगों को भी अपनी सेहत के लिए समय निकालना चाहिए। खानपान में प्रोटीन, फाइबर और विटामिन समेत सभी जरूरी पोषक तत्व शामिल होने चाहिए। युवाओं को जंक फूड और मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए। उनका संदेश है कि शरीर की देखभाल हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद रोजाना अपनी सेहत के लिए समय जरूर निकालना चाहिए।
