चौबारी मेला : रामगंगा किनारे फिर जमेगा घोड़ों का बाजार, देशभर के व्यापारी पहुंचेंगे बरेली

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

20 से 28 नवंबर तक रामगंगा तट पर लगेगा मेला, झूले और दुकानों के साथ स्टाल सजाने में जुटा जिला पंचायत

बरेली के रामगंगा तट पर लगने वाले ऐतिहासिक चौबारी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में झूले, खानपान और घरेलू सामान की दुकानें सजेंगी। देश के विभिन्न राज्यों से व्यापारी घोड़े लेकर पहुंचेंगे। नखासे में 10 हजार से पांच लाख रुपये तक के घोड़ों की खरीद-फरोख्त होगी।

बरेली, अमृत विचार। बरेली के रामगंगा तट पर लगने वाले चौबारी मेले में इस बार भी घोड़ों की टाप और झूलों की रौनक देखने को मिलेगी। मेले को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला पंचायत ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला परिसर में स्टाल लगाने से लेकर साज-सज्जा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक के इंतजाम किए जा रहे हैं। दूसरी ओर, दुकानदारों और झूला संचालकों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले का सबसे बड़ा आकर्षण रहने वाले नखासे में देश के कई राज्यों से घोड़ों के व्यापारी पहुंचेंगे।

20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले में धीरे-धीरे अस्थायी बाजार का स्वरूप दिखाई देने लगा है। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाए जा रहे हैं। खानपान, खिलौने, घरेलू सामान और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी दुकानों के लिए भी जगह तैयार की जा रही है। अपर मुख्य अधिकारी डॉ. नीतू सिसौदिया ने बताया कि मेला परिसर में व्यवस्थाएं बेहतर बनाई जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

पांच लाख रुपये तक के घोड़े होंगे बिक्री के लिए

चौबारी मेले का नखासा देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब से घोड़ों के व्यापारी पहुंचते हैं। अलग-अलग नस्लों के घोड़े बिक्री के लिए लाए जाते हैं। इनकी कीमत नस्ल, कद-काठी और विशेषताओं के आधार पर तय होती है। बाजार में 10 हजार रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक के घोड़ों की खरीद-फरोख्त होती है। सिंधी नस्ल के घोड़ों की मांग भी खास रहती है।

कार्तिक पूर्णिमा पर होगा मुख्य स्नान

कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर को रामगंगा में मुख्य स्नान होगा। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेले में धार्मिक आयोजन के साथ व्यापार और लोक संस्कृति की भी झलक देखने को मिलेगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है।

करीब एक सदी पुराना है चौबारी मेला

रामगंगा तट पर लगने वाले चौबारी मेले का इतिहास करीब एक सदी पुराना बताया जाता है। वर्ष 1927 में इसकी शुरुआत हुई थी। तब से हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेले का आयोजन होता आ रहा है। नखासे में दूर-दराज से घोड़ों का पहुंचना इसकी खास पहचान बन चुका है।

ये भी पढ़ें-त्योहार के बाद अस्पताल पहुंचे मरीज, पर्चे से जांच तक हर कदम पर इंतजार

संबंधित समाचार