बनारस घराना : लघुचित्र परंपरा की एक जीवंत विरासत

बीते दिनों बिहार यात्रा से लौटते हुए लखनऊ आने का एक प्रमुख उद्देश्य बनारस घराने के चित्रकारों की प्रदर्शनी देखना भी था। कलाकार मित्र भूपेंद्र अस्थाना ने जब पहली बार सूचना दी कि बनारस घराने के चित्रकारों की प्रदर्शनी लखनऊ स्थित कोकोरो आर्ट गैलरी में आयोजित होने जा रही है, तभी से इन चित्रों को देखने की उत्सुकता बनी हुई थी।

भारतीय चित्रकला में लघुचित्र परंपरा के उपलब्ध ऐतिहासिक प्रमाण पालकाल (आठवीं से बारहवीं शताब्दी) तक पहुंचते हैं, हालांकि इसके आरंभ को गुप्तकाल अथवा उससे पहले तक ले जाने की संभावनाएं भी व्यक्त की जाती रही हैं, लेकिन इस संबंध में पर्याप्त प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं। पालकालीन बौद्ध पांडुलिपियों में चित्रांकन के उदाहरण इस परंपरा के महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं। आगे चलकर फारसी चित्रकला के प्रभाव और भारतीय कलात्मक परंपराओं के समन्वय से मुगल लघुचित्र शैली का विकास हुआ, जिसे इस कला परंपरा का एक महत्वपूर्ण उत्कर्ष काल माना जाता है।

मुगल साम्राज्य के पतन के साथ बदलते कला संरक्षण के केंद्र

मुगल साम्राज्य के कमजोर पड़ने के साथ चित्रकारों के संरक्षण के केंद्र भी बदलने लगे। अठारहवीं और उन्नीसवीं शताब्दी में विकसित कंपनी शैली को अंग्रेज अधिकारियों, स्थानीय धनिकों और यूरोपीय संरक्षकों का समर्थन मिला। चित्रकला के विषयों और बाजार की मांग में भी बदलाव आया। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लघुचित्र की परंपराएं अपने विशिष्ट रूपों में आगे बढ़ती रहीं, लेकिन बिहार और उत्तर प्रदेश में इसका पारंपरिक स्वरूप धीरे-धीरे कमजोर पड़ता गया। पटना में अठारहवीं शताब्दी में विकसित पटना कलम भी बीसवीं शताब्दी के मध्य तक लगभग समाप्त हो गई। बदलते संरक्षण और बाजार के साथ कलाकार परिवारों की नई पीढ़ियों का इस पेशे से दूर होना इसके प्रमुख कारणों में था।

ऐसे परिदृश्य में बनारस घराने में लघुचित्र कला की परंपरा के निरंतर जारी रहने की जानकारी मेरे लिए सुखद और उत्साहवर्धक थी। यह भी विचारणीय है कि औपनिवेशिक प्रभाव के अंतर्गत उन्नीसवीं शताब्दी में स्थापित आधुनिक कला शिक्षण संस्थानों ने भारतीय पारंपरिक चित्रशैलियों के अध्ययन और संरक्षण को अपेक्षित महत्व क्यों नहीं दिया? बंगाल कला आंदोलन के कुछ प्रयासों को छोड़ दें, तो देश के दूसरे हिस्सों में अपनी पारंपरिक कला विरासत से जुड़ने की पहल अपेक्षाकृत कम दिखाई देती है।

सिखी से शुरू हुई बनारस घराने की कलायात्रा

बनारस घराने की शुरुआत शाह आलम द्वितीय के शासनकाल से जोड़ी जाती है। प्रदर्शनी के परिचय के अनुसार, उस समय कुछ मुगल राजकुमार बनारस में नजरबंद थे और उनके साथ शाही चित्रकार भी आए थे। अहीर जाति के सिखी नामक युवक ने इन चित्रकारों से लघुचित्र कला सीखी और इसे अपनी अगली पीढ़ियों तक पहुंचाया। उस्ताद बतोही और उस्ताद मूलचंद इसी पारिवारिक परंपरा से जुड़े थे।

प्रदर्शनी में उस्ताद बटोही की कृतियां नहीं थीं, लेकिन उस्ताद मूलचंद का ‘विष्णु की योगनिद्रा’ शीर्षक चित्र देखने को मिला। मूलचंद ने लघुचित्र के साथ भित्तिचित्र, पुस्तक चित्रण, कंपनी शैली और लिथोग्राफी में भी काम किया। गोपाल मंदिर और बागेश्वरी मंदिर के भित्तिचित्रों के अलावा रामायण, हनुमानबाहुक तथा अन्य धार्मिक ग्रंथों का चित्रांकन उनके कार्यक्षेत्र में शामिल था।

उनके वंशज उस्ताद राम प्रसाद ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया। मुगल चित्रकला की बारीक रेखाओं, सूक्ष्म रंग-संयोजन और अनुपातों पर उनकी असाधारण पकड़ थी। विशेषकर व्यक्तिचित्रण में चेहरे की बनावट, भाव-भंगिमा, व्यक्तित्व और वेशभूषा के सूक्ष्म विवरणों को उभारना उनकी विशेषता थी। उन्होंने भित्तिचित्र, तैलचित्र और हाथीदांत पर भी काम किया तथा गीता प्रेस, गोरखपुर के धार्मिक प्रकाशनों के लिए चित्र बनाए। प्रदर्शनी में उनकी ‘राम सीता को झूला झुलाती सखी’, ‘शिव-पार्वती’ और ‘रिद्धि-सिद्धि संग गणेश’ जैसी कृतियां देखने को मिलीं।

बनारस घराने की विशिष्टता मुगल लघुचित्र की तकनीकी शुद्धता और स्थानीय धार्मिक-सांस्कृतिक चेतना के रचनात्मक समन्वय में है। यहां मुगल शैली का बारीक रेखांकन और सूक्ष्म रंगांकन तो बना रहा, लेकिन विषयों में बनारस की धार्मिक आस्था, पौराणिक आख्यान, प्रकृति और जनजीवन भी शामिल होते गए। समय के साथ राजस्थानी, पहाड़ी और कंपनी शैली के प्रभावों ने भी इसे विस्तार दिया। इस प्रकार यह घराना किसी शैली की महज अनुकृति न रहकर अपनी स्वतंत्र पहचान विकसित करता है।

शारदा प्रसाद से गोपाल प्रसाद तक विरासत का विस्तार

राम प्रसाद के पुत्र उस्ताद शारदा प्रसाद ने रंग और तूलिका तैयार करने की पारंपरिक विधियों को आगे बढ़ाया। भारत कला भवन, बीएचयू में चित्रों के संरक्षण और पुनर्स्थापन में भी उनका योगदान रहा। उनके पुत्र उस्ताद मुकुंद प्रसाद ने मुगल शैली के साथ पहाड़ी और राजस्थानी प्रभावों को अपनाते हुए समकालीन जीवन को चित्रित किया। उनके छोटे भाई उस्ताद गोपाल प्रसाद ने कला-अध्ययन, लेखन और वृत्तचित्र निर्माण के माध्यम से इस परंपरा के दस्तावेजीकरण और प्रचार-प्रसार में योगदान दिया। आज अंकित प्रसाद और वंश श्री यादव इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। अंकित के चित्रों में मुगल, राजस्थानी और पहाड़ी शैलियों का समन्वय है, जबकि वंश श्री यादव की कला में पारंपरिक मुगल शैली के साथ समकालीन दृष्टि दिखाई देती है।

पीढ़ियों की साधना से समृद्ध हुई लघुचित्र कला

वास्तव में बनारस घराने का महत्व केवल इस बात में नहीं है कि एक परिवार ने कई पीढ़ियों तक लघुचित्र कला को जीवित रखा, बल्कि इस बात में भी है कि उसने बदलते समय के साथ इस परंपरा को नए विषयों और माध्यमों से जोड़ा। रंग बनाने, तूलिका तैयार करने और बारीक चित्रांकन की पारंपरिक विधियों के साथ कलात्मक प्रयोगों की यह निरंतरता भारतीय लघुचित्र कला की एक महत्वपूर्ण विरासत है। कोकोरो आर्ट गैलरी में आयोजित इस प्रदर्शनी को वंदना सहगल ने क्युरेट किया था। इस तरह की प्रदर्शनियों का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यहां आपको सदियों की विरासत वाली कई पीढ़ियों की कृतियों को एक साथ देखने और समझने का अवसर मिल जाता है।


सुमन कुमार सिंह, कलाकार/कला लेखक/ गाजियाबाद

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.