डिजिटल इंडिया हर दिन तोड़ रहा अपने ही बनाए रिकॉर्ड, मई 2025 में UPI लेनदेन 25.14 लाख करोड़ के पार 

नई दिल्ली। देश के डिजिटल भुगतान में मई 2025 में जबरदस्त तेजी देखी गयी और इस महीने में यूनिफाइड पेंमेट इंटरफेस (यूपीआई) के माध्यम से लेनदेन बढ़कर 25.14 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस महीने में दैनिक लेनदेन 81106 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार यूपीआई ने मई 2025 में मजबूत रिकवरी दर्ज की, जिसमें 18.68 अरब लेनदेन संसाधित किए गए, जो अप्रैल 2025 में 17.89 अरब से अधिक है। मई के आंकड़े पिछले साल इसी महीने में 14.03 अरब लेनदेन की तुलना में 33 प्रतिशत अधिक है। 

आंकड़ो के अनुसार मूल्य के हिसाब से मई 2025 में यूपीआई लेनदेन बढ़कर 25.14 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो अप्रैल 2025 के 23.95 लाख करोड़ रुपये से 5 प्रतिशत अधिक है। यह मई 2024 में 20.45 लाख करोड़ रुपये से 23 प्रतिशत अधिक है। औसत दैनिक लेनदेन की मात्रा 60.2 करोड़ रही, जबकि औसत दैनिक लेनदेन मूल्य 81,106 करोड़ रुपये तक पहुँच गया। अप्रैल 2025 में गिरावट के बाद मई में फिर से उछाल आया है। इस वर्ष मार्च में यूपीआई लेनेदने की मात्रा 18.3 अरब पर आ गया था। इस नरमी का कारण कई सेवाओं में व्यवधान था, जिससे भुगतान प्रवाह प्रभावित हुआ। 

एनपीसीआई ने 2016 में यूपीआई लांच किया था जो भारत का प्रमुख डिजिटल भुगतान तरीका बन गया है, जिसे स्मार्टफ़ोन के प्रसार, नोटबंदी के बाद सरकार के नेतृत्व वाले डिजिटलीकरण प्रयासों और प्रमुख तकनीकी कंपनियों के डिजिटल भुगतान में प्रवेश से बढ़ावा मिला है। 

यह भी पढ़ेः IPL 2025: श्रेयस अय्यर पर BCCI का बड़ा एक्शन, MI के खिलाफ जीत में हुई पंजाब से बड़ी गलती, जानें क्या है वजह

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.