महिंद्रा के बाद अब इन लग्जरी ब्रांड ने की 7.8 लाख कटौती, यहां जाने हर मॉडल की कीमत 

दिल्ली। जर्मनी की लग्जरी कार विनिर्माता ऑडी ने सोमवार को भारत में अपने विभिन्न मॉडलों की कीमतों में 2.6 लाख रुपये से लेकर 7.8 लाख रुपये तक कटौती की घोषणा की। कंपनी ने एक बयान में कहा कि 'जीएसटी 2.0' लागू होने के बाद उसने अपने सभी मॉडलों की कीमतों में संशोधन किया है। इसके तहत ग्राहकों को मॉडल के आधार पर 2.6 लाख रुपये से लेकर 7.8 लाख रुपये तक का लाभ मिलेगा। 

नई कीमतों के तहत कंपनी की शुरुआती एसयूवी क्यू3 की कीमत 43.07 लाख रुपये से शुरू होगी, जो पहले 46.14 लाख रुपये थी। इसी तरह शीर्ष एसयूवी क्यू8 की शुरुआती कीमत 1.18 करोड़ रुपये से घटकर 1.1 करोड़ रुपये हो जाएगी। एसयूवी क्यू5 और क्यू7 जैसे अन्य मॉडलों के साथ ही सेडान ए4 और ए6 की कीमतों में भी कमी की गई है।

लेक्सस ने वाहनों के दाम 20.8 लाख तक घटाए, निसान ने भी कटौती 

लक्जरी वाहन विनिर्माता लेक्सस इंडिया और वाहन कंपनी निसान मोटर इंडिया ने वाहनों पर जीएसटी दरों में की गई कटौती का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाने के लिये सोमवार को अपनी गाड़ियों के दाम घटाने की घोषणा की। दोनों कंपनियों ने अलग-अलग जारी बयानों में कहा कि संशोधित कीमतें 22 सितंबर यानी नवरात्रि के पहले दिन से प्रभावी हो जाएंगी। लेक्सस इंडिया ने कहा कि उसने अपनी पूरी उत्पाद श्रृंखला की कीमतों में अधिकतम 20.8 लाख रुपये तक की कमी की है। 

कंपनी के छह मॉडल में से सेडान ईएस 300एच की कीमतों में 1.47 लाख रुपये और अग्रणी एसयूवी एलएक्स 500डी के दाम में अधिकतम 20.8 लाख रुपये तक की कमी होगी। लेक्सस इंडिया के अध्यक्ष हिकारू इकेउची ने इसे ‘ऐतिहासिक सुधार’ करार देते हुए कहा कि यह पहल लक्जरी परिवहन क्षेत्र में सुलभता बढ़ाने और भरोसा जगाने वाली है। वहीं, निसान मोटर इंडिया ने अपने कॉम्पैक्ट एसयूवी मैग्नाइट की कीमतों में 52,400 रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की कटौती करने की घोषणा की है। 

दरों में बदलाव के बाद नई निसान मैग्नाइट की शुरुआती कीमत अब छह लाख रुपये से नीचे आ गई है। निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक सौरभ वत्स ने कहा, ‘‘GST दरों में कटौती वाहन उद्योग को सही समय पर मिला प्रोत्साहन है और इससे सीधे ग्राहकों को लाभ होगा। हम इसका पूरा लाभ ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ दोनों कंपनियों ने कहा कि जीएसटी दर कटौती से त्योहारी सीजन की शुरुआत में गाड़ियों की मांग बढ़ने की संभावना है।

ये भी पढ़े : होंडा ने पहली इलेक्ट्रिक बाइक EV FUN की शुरू की टेस्टिंग

 

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.