देश में कोरोना मामले छह लाख के पार, रिकवरी दर 60 फीसदी के करीब

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमितों की संख्या बुधवार की रात छह लाख के आंकड़े को पार कर गयी लेकिन इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की दर भी निरंतर बढ़ते हुए 60 फीसदी के करीब जा पहुंची है। देश में बुधवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 59.49 फीसदी पहुंच …

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमितों की संख्या बुधवार की रात छह लाख के आंकड़े को पार कर गयी लेकिन इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की दर भी निरंतर बढ़ते हुए 60 फीसदी के करीब जा पहुंची है। देश में बुधवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 59.49 फीसदी पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर महज 2.95 प्रतिशत रही।

‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 603990 मामलों की आज रात तक पुष्टि हो चुकी है जबकि सुबह यह संख्या 585493 थी। अब तक कुल 359354 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 17822 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 226748 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि सक्रिय मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या 1.32 लाख के पार पहुंच चुकी है।

देश में कोरोना वायरस महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में दिनों-दिन स्थिति भयावह होती जा रही है और पिछले 24 घंटों के दौरान रिकाॅर्ड 5537 से अधिक नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बुधवार की रात बढ़कर 1.80 लाख के पार पहुंच गयी। राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 180298 हो गयी तथा इस दौरान 198 और लोगों की इस महामारी से मौत होने से इस जानलेवा वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 8053 हो गयी है। इस अवधि में राज्य में 2243 लोग रोगमुक्त हुए हैं जिसके बाद स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 93154 हो गयी है।

तमिलनाडु में पिछले कुछ दिन से कोरोना वायरस के मामलों में लगातार हो रही तेज वृद्धि से यह संक्रमण के मामले में देश भर में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में पिछले 24 घंटों में संक्रमितों की संख्या 3882 बढ़कर 94049 पर पहुंच गयी है और इसी अवधि में 63 और लोगों की मौत से मृतकों की संख्या 1264 हो गयी है। राज्य में 52926 लोगों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना महामारी ने कहर बरपा रखा है और यहां संक्रमितों का आंकड़ा 90000 के करीब पहुंच गया है। राजधानी में संक्रमितों की संख्या 89802 हो गयी है तथा 2803 लोगों की मौत हो गयी है। राजधानी में 59992 मरीज रोगमुक्त हुए हैं जिन्हें विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद तीसरे स्थान पर है। गुजरात में अब तक 32643 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 1848 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 23670 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के अब तक 23492 मामले सामने आए हैं तथा इस वायरस से 697 लोगों की मौत हुई है जबकि 16084 मरीज स्वस्थ हो गए है। पश्चिम बंगाल में 19170 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 683 लोगों की मौत हुई है और अब तक 12528 लोग स्वस्थ हुए हैं। राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 18086 हो गयी है और अब तक 413 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14232 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं।

दक्षिण भारतीय राज्यों में कर्नाटक में कोरोना का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है यहां संक्रमितों की संख्या 16514 है तथा 253 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि अब तक 8065 लोग बीमारी से ठीक हो चुके हैं। तेलंगाना में 16339 और आंध्र प्रदेश में 15252 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इन राज्यों में इससे मरने वालों की संख्या क्रमश: 260 और 193 है।

हरियाणा में 14941 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 240 लोगों की मौत हुई है और अब तक 10499 लोग स्वस्थ हुए हैं। मध्य प्रदेश में 13861 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 581 लोगों की इससे मौत हुई है जबकि 10655 लोग स्वस्थ हुए हैं। बिहार में भी संक्रमितों की संख्या 10000 के पार पहुंच गयी है। राज्य में संक्रमितों की संख्या 10075 हो गयी है तथा 73 लोगों की मौत हुई है जबकि 7811 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7695 हो गई है और अब तक इससे 105 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी से पंजाब में 144, उत्तराखंड में 41, ओडिशा में 33, केरल में 26, झारखंड में 15, छत्तीसगढ़ में 14,असम और पुड्डुचेरी में 12-12, हिमाचल प्रदेश में नौ, चंडीगढ़ में छह, गोवा में तीन तथा त्रिपुरा, लद्दाख और मेघालय में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).