देश में पिछले 24 घंटों में 23 हजार से अधिक कोरोना मरीज ठीक, रिकवरी दर 62.86 प्रतिशत

नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 23 हजार से अधिक मरीज कोरोना मुक्त हुए और अभी तक कुल 6,77,422 लोग स्वस्थ हो चुके हैं तथा मरीजों के स्वस्थ होने की रिकवरी दर 62.86 प्रतिशत हो गई है। इसी अवधि में करीब 39 हजार नये मामले सामने आए हैं जो अब तक एक …

नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 23 हजार से अधिक मरीज कोरोना मुक्त हुए और अभी तक कुल 6,77,422 लोग स्वस्थ हो चुके हैं तथा मरीजों के स्वस्थ होने की रिकवरी दर 62.86 प्रतिशत हो गई है। इसी अवधि में करीब 39 हजार नये मामले सामने आए हैं जो अब तक एक दिन में सर्वाधिक है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी विज्ञप्ति के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 38,902 मामलों की पुष्टि हुई है जिससे संक्रमितों की संख्या 10,77,618 हो गयी। मृतकों की संख्या 543 बढ़कर 26,816 हो गयी है। राहत की बात यह रही कि इसी अवधि में 23,672 मरीज स्वस्थ हुए हैं जो अब तक एक दिन में सर्वाधिक है। इसे मिलाकर अब तक 6,77,423 लोग कोरोना से मुक्ति पा चुके हैं।

देश में अभी कोरोना संक्रमण के 3,73,379 सक्रिय मामले हैं। इस प्रकार स्वस्थ होने वाले मरीजों और कोविड-19 के सक्रिय मामलों के बीच अंतर बढ़कर 3,04,043 हो गया है। सभी 3,73,379 सक्रिय मरीजों को अस्पतालों में और होम आइसोलेशन में चिकित्सा उपलब्ध कराई जा रही है। देश में परीक्षण सुविधाओं में खासी बढ़ोतरी की गई है।

आईसीएमआर द्वारा सुझाई गई परीक्षण रणनीति के तहत अब सभी पंजीकृत चिकित्सा विशेषज्ञ जांच की सिफारिश कर सकते हैं। राज्यों/ केन्द्र शासित प्रदेशों द्वारा गोल्ड स्टैंडर्ड आरटी-पीसीआर आधारित व्यापक परीक्षण के साथ रैपिड एंटीजन प्वाइंट ऑफ केयर (पीओसी) जांच के परिणाम स्वरूप नमूनों की जांच में खासी बढ़ोतरी हुई है। कुल 1,37,91,869 नमूनों के परीक्षण के साथ भारत में प्रति दस लाख (टीपीएम) परीक्षण का आंकड़ा 9,994.1 नमूनों तक पहुंच गया।

कोरोना जांच करने वाली प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़कर 1,262 हो गई है जिनमें 889 प्रयोगशालाएं सरकारी और 373 निजी क्षेत्र की हैं। इनमें रियल टाइम आरटी पीसीआर आधारित परीक्षण प्रयोगाशालाएं 648 (सरकारी, 397 ,निजी 251),ट्रूनैट आधारित परीक्षण प्रयोगाशालाएं 510 (सरकारी,455 ,निजी 55), सीबीएनएएटी आधारित परीक्षण प्रयोगशालाएं 104 (सरकारी,37 , निजी 67) हैं।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).