मोदी, राजनाथ, कोविंद समेत कई नेताओं ने अमर सिंह के निधन पर जताया शोक

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राजनाथ सिंह और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई नेताओं ने राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव अमर सिंह के निधन पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा,” अमर सिंह जी एक ऊर्जावान जन शख्सियत थे। पिछले कुछ दशकों में …

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राजनाथ सिंह और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई नेताओं ने राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव अमर सिंह के निधन पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा,” अमर सिंह जी एक ऊर्जावान जन शख्सियत थे। पिछले कुछ दशकों में वह निकट से कई बड़े राजनीतिक बदलाव के साक्षी रहे। वह जीवन में अपनी मित्रता के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से सदमा लगा। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदना है।ओम शांति।”

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अपने ट्वीट में कहा,“वरिष्ठ नेता एवं सांसद अमर सिंह के निधन के समाचार से दुःख की अनुभूति हुई है। सार्वजनिक जीवन के दौरान उनकी सभी दलों में मित्रता थी।” उन्होंने कहा,“स्वभाव से विनोदी और हमेशा ऊर्जावान रहने वाले अमर सिंहजी को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है। राष्ट्रपति ने शनिवार को ट्वीट करके कहा, “राज्य सभा सांसद अमर सिंह के निधन के बारे में सुनकर दुःख हुआ।” उन्होंने आगे लिखा, “बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी, श्री सिंह एक प्रतिभाशाली सांसद थे। उनके परिवार एवं सहयोगियों के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने शोक संदेश में कहा , “राज्यसभा सांसद श्री अमर सिंह जी के निधन पर मैं शोक व्यक्त करता हूं। उनकी आत्मीयता सबको प्रभावित करती थी। वे राजनीति के साथ अनेक क्षेत्रों में सक्रिय रहे और हर जगह मित्र बनाए। उनकी जीवंतता हमेशा याद आएगी। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट कर कहा ‘राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन की दुःखद सूचना मिली है। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की क्षमता प्रदान करें। मेरी संवेदनाएँ उनके साथ हैं।’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन पर ट्वीट के जरिए शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा ‘राज्यसभा सदस्य अमर सिंह के दुःखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।’

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व महासचिव अमर सिंह के निधन पर अपने शोक संदेश में कहा कि अमर सिंह एक प्रख्यात राजनेता और समाजसेवी थे। उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने राज्यसभा सांसद एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव अमर सिंह के निधन पर ट्वीट किया,“ राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन से मन व्यथित है। तीन दशक तक उन्होंने सार्वजनिक जीवन को जीवंतता के साथ जिया। समाज के हर वर्ग से उनके गहरे संबंध थे। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति एवं परिजनों को यह आघात सहने का संबल प्रदान करें। परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ऊँ शांति।”

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).