Champions Trophy 2025: इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा अफ्रीका, क्लासेन-डुसेन ने जड़ा अर्धशतक

कराची। दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को यहां ग्रुप बी के अपने अंतिम मैच में मुश्किलों से जूझ रही इंग्लैंड की टीम को सात विकेट से हराने से पहले ही ऑस्ट्रेलिया के साथ चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। दक्षिण अफ्रीका ने हेनरिच क्लासेन (64 रन) और रासी वान डर डुसेन (नाबाद 72 रन) के अर्धशतकों तथा दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 122 गेंद में 127 रन की साझेदारी की मदद से 29.1 ओवर में तीन विकेट पर 181 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।

इंग्लैंड के इतिहास में यह दूसरी बार है जब चैंपियंस ट्रॉफी के किसी चरण में उसने एक भी जीत दर्ज नहीं की। इससे पहले 1998 में ऐसा हुआ था। सेमीफाइनल की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुके इंग्लैंड को रन-रेट के आधार पर अफगानिस्तान को क्वालीफाई करने का मौका देने के लिए कम से कम 207 रन से जीत की जरूरत थी। लेकिन वह 38.2 ओवर में टूर्नामेंट के सबसे कम 179 रन के स्कोर पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन (39 रन देकर तीन विकेट) ने नयी गेंद से तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर कमाल कर दिया।

मध्य के ओवरों में वियान मुल्डर (25 रन देकर तीन विकेट) और केशव महाराज (35 रन देकर दो विकेट) ने दबाव बनाया, जिससे दक्षिण अफ्रीका ने मैच के परिणाम निकले बिना ही नॉकआउट में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत से दक्षिण अफ्रीका ग्रुप बी में पांच अंक लेकर आस्ट्रेलिया (चार अंक) से आगे शीर्ष पर रहा। ग्रुप ए के भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को होने वाले अंतिम मैच से सेमीफाइनल लाइन-अप तय होगा।

विकेटकीपर बल्लेबाज क्लासेन ने 56 गेंद का सामना किया और उनकी पारी में 11 चौके जड़े थे जबकि वान डर डुसेन ने 87 गेंद की पारी में छह चौके और तीन छक्के जड़े थे। उनके अलावा रेयान रिकलटन ने 27 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट लिए। इससे पहले इंग्लैंड के वनडे कप्तान के रूप में अपने अंतिम मैच में जोस बटलर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन यह दांव उल्टा पड़ गया क्योंकि यानसेन ने शुरुआत में ही कहर बरपा दिया जिससे सातवें ओवर तक इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 37 रन हो गया।

सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट (08) ने यानसेन की उछाल लेती गेंद पर बल्ला छुआ दिया और पवेलियन लौट गए जबकि जेमी स्मिथ (शून्य) शॉर्ट बॉल को समझने में विफल रहे। इसके बाद बेन डकेट (24) यानसेन को उनकी ही गेंद पर कैच थमा बैठे। इससे इंग्लैंड का शीर्ष क्रम चरमरा गया। हैरी ब्रुक (19) और जो रूट (37) ने 62 रन की साझेदारी करके वापसी की कोशिश की। लेकिन जब यह साझेदारी मजबूत होती दिख रही थी तभी दक्षिण अफ्रीका ने लगातार दो विकेट झटक लिए। महाराज की गेंद पर ब्रुक बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की लेकिन डीप में यानसेन को शानदार कैच लपक लिया।

वहीं रूट को मुल्डर ने बोल्ड किया। इंग्लैंड की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब लियाम लिविंगस्टन (09) और जेमी ओवरटन (11) भी जल्दी ही आउट हो गए जिससे 26वें ओवर में टीम का स्कोर सात विकेट पर 129 रन हो गया। बटलर (21) और जोफ्रा आर्चर (25) ने 42 रन की साझेदारी करके स्कोर को कुछ सम्मानजनक बनाया। लेकिन मुल्डर ने आर्चर को आउट कर दिया और फिर इंग्लैंड के कप्तान भी लुंगी एनगिडी ने धीमी गेंद पर आउट हो गए। 

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).