चक्रवाती तूफान निवार: तेज हवाओं के साथ भारी बारिश जारी, कई उड़ानें और ट्रेनें रद्द

चेन्नई। तमिलनाडु में बुधवार शाम को भीषण चक्रवाती तूफान ‘निवार’ ने रौद्र रूप ले लिया और चेन्नई और उसके उपनगरों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग की और से जारी बुलेटिन में तमिलनाडु और पुड्डुचेरी के तटों को ‘रेड मैसेज’ जारी करते हुए कहा कि बंगाल की खाड़ी पिछले छह …

चेन्नई। तमिलनाडु में बुधवार शाम को भीषण चक्रवाती तूफान ‘निवार’ ने रौद्र रूप ले लिया और चेन्नई और उसके उपनगरों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग की और से जारी बुलेटिन में तमिलनाडु और पुड्डुचेरी के तटों को ‘रेड मैसेज’ जारी करते हुए कहा कि बंगाल की खाड़ी पिछले छह घंटों के दौरान 16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ा है और तूफान बिकराल हो गया।

यह कुड्डालोर से लगभग 90 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी, पुड्डुचेरी से लगभग 150 किमी पूर्व में और चेन्नई से 220 किमी दक्षिण-पूर्व में केन्द्रित है।

मौसम विभाग ने बताया कि तूफान के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और आज देर रात पुड्डुचेरी के आसपास कराईकल और ममल्लापुरम के बीच तमिलनाडु और पुड्डुचेरी के तटों को पार करने की संभावना है। कल सुबह चक्रवाती तूफान रौद्र रूप ले लेगा और 120-130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ 145 किलोमीटर की रफ्तार से चक्रवाती आंधी चलने की आशंका है। इस चक्रवाती तूफान की निगरानी चेन्नई, कराईकल और श्रीहरिकोटा में डोप्पलर वैदर रडार द्वारा किया जा रहा है।

इससे संबंधित जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने चक्रवाती तूफान के मद्देनजर कल 16 जिलों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। चक्रवाती तूफान के निकट आने के मद्देनजर चेन्नई की सभी प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया गया है। चेन्नई और तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों में भारी वर्षा हो रही है। चेन्नई पुलिस ने ईसीआर, ओएमआर और एन्नोर एक्सप्रेस वे सित मरीना बीच और कामराजार सलाई के समुद्र तट के सामने सभी तटीय सड़कों को भी बंद कर दिया क्योंकि चक्रवात समुद्री तटों से कभी भी टकरा सकता है।

तूफान के टकराने से पहले लगातार बारिश जारी है। चेन्नई शहर के चार मुख्य पेयजल संसाधनों में से एक चेंबरमबक्कम झील तेजी से भर गया है। उसमें 22 फुट तक पानी भर गया है। स्लुइस गेट पांच साल के अंतराल के बाद खोले गए हैं। प्रशासन ने अदयार नदी के आसपास और निचले इलाके में रहने वालों लोगों को बाढ़ की चेतावनी जारी की है।

दिसंबर 2015 की बाढ़ को ध्यान में रखते हुए लगातार बारिश के बीच मुख्यमंत्री ई के पलानीस्वामी ने झील का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। बाद में जलाशय से 3000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया और नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत केन्द्रों में जाने को कहा गया है।

पुडुचेरी, तमिलनाडु से एक लाख से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया
तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटीय इलाकों से चक्रवात निवार के मद्देनजर एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) प्रमुख एस एन प्रधान ने बताया कि एनडीआरएफ ने बंगाल की खाड़ी से तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहे चक्रवात से निपटने के लिए कुल 50 दलों को चिह्नित किया है, जिनमें से 30 टीमों को तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में जमीन पर तैनात किया गया है। विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश), कटक (ओडिशा) और त्रिशूर (केरल) में 20 दलों को तैयार रखा गया है।

चेन्नई हवाई अड्डा कल सुबह सात बजे तक बंद, 26 उड़ानें रद्द
तमिलनाडु के चेन्नई हवाई अड्डा चक्रवाती तूफान निवार के मद्देनजर अगले 12 घंटों के लिए बुधवार शाम सात बजे से गुरुवार सुबह सात बजे तक बंद रहेगा और इस दौराना विमानों का परिचालन नहीं हो सकेगा। इसके साथ ही 26 उड़ानों को रद्द कर दिया गया जो कई गंतव्यों के लिए प्रस्थान करने वाली थीं या फिर हवाई अड्डे में उतरने वाली थी। इस अवधि के दौरान सभी घरेलू, अंतरराष्ट्रीय और कार्गो सेवाएं बंद रहेंगी। जिन उड़ानों को रद्द किया गया है, उनमें कन्नूर, कोझीकोड, विजयवाड़ा, तिरुचि, थूथुकुडी, बेंगलुरु, मैंगलोर और हुबली की उड़ानें शामिल हैं।

रेलवे ने एक दर्जन ट्रेनें रद्द कीं
रेलवे ने चक्रवात निवार के मद्देनजर देश के दक्षिणी राज्यों से शुरू होने वाली या वहां खत्म होने वाली एक दर्जन से ज्यादा विशेष रेलगाड़ियों को 25 और 26 नवंबर को रद्द कर दिया है। रेलवे ने कहा कि चक्रवात निवार के मद्देनजर दक्षिण रेलवे ने कई रेलगाड़ियों का संचालन रद्द करने की घोषणा की है। जिन रेल गाड़ियों को रद्द किया गया है, उनके प्रस्थान या गंतव्य स्थानों के भारी बारिश और चक्रवात से प्रभावित होने की आशंका है। कुछ अन्य स्थानों की रेलगाड़ियों का परिचालन भी रद्द किया गया है जिनके संचालन में चक्रवात की वजह से मुश्किलें आ सकती हैं।

रेलवे ने कहा, “चक्रवात निवार की वजह से रेलवे द्वारा रद्द की गईं रेलगाड़ियों के लिए टिकट रद्द कराने वालों को पूरा किराया वापस किया जाएगा। रिफंड के लिए आवेदन की समयावधि को भी यात्रा तिथि से छह महीने तक कर दिया गया है।”

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).