‘पराक्रम दिवस’ पर पीएम मोदी बोले- नेताजी का नाम सुनते ही नई ऊर्जा मिलती है

कोलकाता। बंगाल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर सियासी बवाल हो गया। यहां विक्टोरिया मेमोरियल में पीएम मोदी के मंच पर ममता बनर्जी नाराज हो गईं। वे भाषण दिए बगैर ही वापस लौट आईं। जब ममता भाषण देने पहुंचीं, तो पहुंचीं तो नारेबाजी शुरू हो गई। ममता बनर्जी ने कहा कि किसी का …

कोलकाता। बंगाल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर सियासी बवाल हो गया। यहां विक्टोरिया मेमोरियल में पीएम मोदी के मंच पर ममता बनर्जी नाराज हो गईं। वे भाषण दिए बगैर ही वापस लौट आईं। जब ममता भाषण देने पहुंचीं, तो पहुंचीं तो नारेबाजी शुरू हो गई। ममता बनर्जी ने कहा कि किसी का अपमान करना ठीक नहीं है।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज कोलकाता में आना मेरे लिए बहुत भावुक कर देने वाला क्षण है। बचपन से जब भी ये नाम सुना- नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मैं किसी भी परिस्थिति में रहा हूं, ये नाम कान में पड़ते ही मैं एक नई ऊर्जा से भर गया। इतना विराट व्यक्ति है उनका।

नेताजी ने कहा था- आजादी मांगूंगा नहीं, छीन लूंगा
पीएम मोदी ने कहा कि आज के ही दिन मां भारती की गोद में उस वीर सपूत ने जन्म लिया था, जिसने आजाद भारत के सपने को नई दिशा दी थी। आज के ही दिन ग़ुलामी के अंधेरे में वो चेतना फूटी थी, जिसने दुनिया की सबसे बड़ी सत्ता के सामने खड़े होकर कहा था, मैं तुमसे आजादी मांगूंगा नहीं, छीन लूंगा।

नेताजी को नमन करता हूं : पीएम मोदी
मैं नेता जी की 125वीं जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से उन्हें नमन करता हूं। मैं आज बालक सुभाष को नेताजी बनाने वाली, उनके जीवन को तप, त्याग और तितिक्षा से गढ़ने वाली बंगाल की इस पुण्यभूमि को भी नमन करता हूं। मैंने अनुभव किया है कि नेताजी का नाम सुनते ही हर कोई कितनी ऊर्जा से भर जाता है। नेताजी के जीवन की ऊर्जा जैसे उनके अंतर्मन से जुड़ गई है। उनकी ऊर्जा, आदर्श, तपस्या, त्याग देश के हर युवा के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।

फौलादी इरादों वाले व्यक्ति थे नेताजी: पीएम मोदी
उनके जैसे फौलादी इरादों वाले व्यक्तित्व के लिए असंभव कुछ नहीं था। उन्होंने विदेश में जाकर देश से बाहर रहने वाले भारतीयों की चेतना को झकझोरा। उन्होंने पूरे देश से हर जाति, पंथ, हर क्षेत्र के लोगों को देश का सैनिक बनाया। नेताजी ने संकल्प था भारत की जमीन पर आजाद भारत की आजाद सरकार की नींव रखेंगे। नेताजी ने अपना ये वादा भी पूरा करके दिखाया। उन्होंने अंडमान में अपने सैनिकों के साथ आकर तिरंगा फहराया।

पीएम मोदी की मुख्य बातें…
-2018 में ही देश ने आज़ाद हिन्द सरकार के 75 साल को भी उतने ही धूमधाम से मनाया था। नेताजी ने “दिल्ली दूर नहीं” का नारा देकर लाल किले पर झंडा फैहराने का सपना देखा था, देश ने वो सपना पूरा किया।

-जब आजाद हिंद फौज की कैप में मैंने लाल किले पर झंडा फहराया था, उस वक्त मेरे मन मस्तिष्क में बहुत कुछ चल रहा था। बहुत से सवाल थे, बहुत सी बातें थीं, एक अलग अनुभूति थी। मैं नेताजी के बारे में सोच रहा था, देशवासियों के बारे में सोच रहा था।

-विश्व युद्ध के माहौल में देशों के बीच पल-पल बदलते रिश्तों के बीच क्यों वो हर देश में जाकर भारत के लिए समर्थन मांग रहे थे? ताकि भारत आजाद हो सके, हम और आप आजाद भारत में सांस ले सकें।

-नेताजी किसके लिए जीवन भर इतना रिस्क उठाते रहे- हमारे और आपके लिए। वो कई-कई दिनों तक आमरण अनशन किसके लिए करते रहे- आपके और हमारे लिए। वो महीनों तक किसके लिए जेल की कोठरी में सजा भुगतते रहे- आपके और हमारे लिए।

-हिंदुस्तान का एक-एक व्यक्ति नेताजी का ऋणी है। 130 करोड़ से ज्यादा भारतीयों के शरीर में बहती रक्त की एक-एक बूंद नेताजी सुभाष की ऋणी है।

-आज हर भारतीय अपने दिल पर हाथ रखे, नेताजी सुभाष को महसूस करे, तो उसे फिर ये सवाल सुनाई देगा। क्या मेरा एक काम कर सकते हो? ये काम, ये काज, ये लक्ष्य आज भारत को आत्मनिर्भर बनाने का है। देश का जन-जन, देश का हर क्षेत्र, देश का हर व्यक्ति इससे जुड़ा है।

-मुझे संतोष है कि आज देश पीड़ित, शोषित वंचित को, अपने किसान को, देश की महिलाओं को सशक्त करने के लिए दिन-रात एक कर रहा है। आज हर एक गरीब को मुफ्त इलाज की सुविधा के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही।

-नेताजी ने कहा था कि आजाद भारत के सपने में कभी भरोसा मत खोइए। दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं है जो भारत को बांधकर रख सके। वाकई दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं है जो 130 करोड़ देशवसियों को अपने भारत को आत्मनिर्भर भारत बनाने से रोक सके।

-पराक्रम दिवस’ कार्यक्रम के दौरान मशहूर सिंगर ऊषा उथुप ने मशहूर बंगाली गाना ‘एकला चोलो रे’ गाकर सभी की मनोरंजन किया। उनसे पहले गायक पापोन ने भी अपनी प्रस्तुती दी। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर एक गाना गाया।

पीएम ने प्रस्तुती का लुत्फ उठाया

विक्टोरिया मेमोरियल में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त वहां एक प्रस्तुती का लुत्फ उठा रहे हैं। पीएम मोदी के साथ साथ कार्यक्रम में सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौजूद हैं। उनके अलावा राज्यपाल जगदीप धनखड़ भी कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। इस कार्यक्रम में मशहूर गायक पापोन ने भी अपनी प्रस्तुती दी। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर एक गाना गाया।

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में आयोजित प्रदर्शनी में पहुंच गए है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्यपाल जगदीप धनखड़ भी मौजूद है।

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में नेशनल लाइब्रेरी का दौरा किया और कलाकारों और प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा को पुष्प अर्पित किए।

https://twitter.com/BJP4India/status/1352925770251870211?ref_src=twsrc%5Etfw

पीएम मोदी नेताजी भवन से नेशनल लाइब्रेरी के लिए रवाना हो गए हैं। वो करीब 15 मिनट नेताजी भवन में रहे। पीएम मोदी नेताजी की जयंती पर आज कई कार्यक्रम में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता पहुंच गए हैं। पीएम मोदी आज सुभाष चंद्र बोस के 125वीं जयंती के अवसर पर कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में आयोजित ‘पराक्रम दिवस’ समारोह को संबोधित करेंगे।

https://twitter.com/AmritVichar/status/1352928030004396033?ref_src=twsrc%5Etfw

 

 

 

 

 

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).