कोलकाता-मुंबई फ्लाइट को हाईजैक की धमकी: AIR इंडिया विमान को उड़ान से पहले टॉयलेट में मिला पर्चा, विमान में सवार थे 93 यात्री

टॉयलेट में मिले नोट में सुबह 11:10 बजे प्लेन हाईजैक करने की बात लिखी थी, कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाकर शुरू की गई सघन जांच

कोलकाता से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट को उड़ान से पहले हाईजैक की धमकी मिली है। टॉयलेट में नोट मिलने के बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया।

डिजिटल डेस्क,अमृत विचार: कोलकाता से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की एक फ्लाइट को बुधवार सुबह उस समय गंभीर खतरे का सामना करना पड़ा, जब उड़ान भरने से पहले विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिला। नोट में सुबह 11:10 बजे प्लेन को हाईजैक किए जाने की बात लिखी हुई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट प्रशासन में हड़कंप मच गया। तुरंत कार्रवाई करते हुए विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहाँ उसकी सघन जांच की जा रही है।

उड़ान से ठीक पहले क्रू मेंबर को मिला संदिग्ध नोट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एअर इंडिया का एयरबस A320neo विमान कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान विमान के भीतर क्रू मेंबर को टॉयलेट में एक नोट मिला, जिसमें विमान को हाईजैक करने की चेतावनी दी गई थी। नोट मिलते ही चालक दल ने बिना देर किए पायलट को इसकी सूचना दी। पायलट ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी और अलर्ट जारी किया।

घटना के समय विमान में कुल 93 यात्री और 5 क्रू मेंबर सवार थे। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित स्थान पर आइसोलेशन बे में पार्क कराया गया, जहाँ सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अपनी जांच-पड़ताल में जुटी हुई हैं। इस घटना के सामने आने के बाद से विमानन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें:-जम्मू कश्मीर में CRPF पर फायरिंग : कुलगाम में 3 जवान घायल, गश्ती के दौरान आतंकी हमला

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui