मुरादाबाद: बस ने ट्रैक्टर-ट्राली को मारी टक्कर, दो की मौत, 14 घायल

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंगलवार तड़के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्राइवेट बस और ट्रैक्टर ट्राली की जोरदार भिड़ंत हो गई। बस में बिहार के मजदूर सवार थे और सभी मजदूरी करने के लिए दिल्ली जा रहे थे। हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14 से अधिक …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंगलवार तड़के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्राइवेट बस और ट्रैक्टर ट्राली की जोरदार भिड़ंत हो गई। बस में बिहार के मजदूर सवार थे और सभी मजदूरी करने के लिए दिल्ली जा रहे थे। हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ पर मंगलवार तड़के मजदूरों से भरी निजी बस की ट्रैक्टर ट्रॉली से जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे बस के चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। बस मजदूरों को लेकर बिहार से दिल्ली जा रही थी। घायल यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची मूंढापांडे थाना पुलिस ने घायलों को मुरादाबाद और रामपुर के अस्पताल भेजवाया। पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया गया कि हादसे में जान गवाने वाला बस चालक दिनेश कुमार सिंह पुत्र बाल किशोर सिंह जनपद मुजफ्फरनगर का रहने वाला था, जबकि दूसरा मृतक कनकधारी बिहार के बांका का रहने वाला था।

मजदूर लाकडाउन के चलते अपने-अपने साधनों से बिहार पहुंच गए थे। हालात सुधरने पर एक बार फिर काम की तलाश में बस द्वारा दिल्ली के नागलोई के लिए जा रहे थे। सीओ हाईवे राम सागर ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और हादसे में मरने वाले बस चालक के परिजनों को भी जानकारी दे दी गई है।

काफी देर तक मदद को चीखते रहे घायल
रामपुर रोड हाईवे पर घाटित हुआ हादसा तड़के लगभग चार बजे हुआ था। हादसे में घायल लोग काफी देर तक मदद के लिए शोर मचाते रहे, लेकिन आसपास के गांव से कोई भी मदद के लिए नहीं आया। थोड़ी देर बाद मूंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से कुछ घायलों को रामपुर व बाकी घायलों को मुरादाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उससे पहले तक घायल हुए लोग मदद के लिए चीख रहे थे, लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की।

एसपी सिटी ने जाना घायलों का हाल
हाईवे पर मंगलवार के तड़के हुए हादसे के बाद ज्यादातर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसपी सिटी अमित आनंद जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने घायलों से उनका हाल भी जाना। जो घायल बोल पा रहे थे, उनसे हादसे के बारे में जानकारी भी ली। एसपी सिटी ने कई घायलों से उनके परिजनों के बारे में भी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने डॉक्टरों से बात कर घायलों के उपचार के बारे में भी जानकारी ली।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).