गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल में दिखा जोश और जज्बा... टैंक-तोपों की दहाड़ के बीच जवानों ने किया मार्चिंग, देशभक्ति का जश्न शुरू

लखनऊ, अमृत विचार : गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल में शनिवार को विधान भवन के सामने देशभक्ति का जज्बा दिखा। टैंक और तोपों के साथ जवानों ने देश की सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया।

रिहर्सल परेड जैसे ही चारबाग से बर्लिंग्टन होते हुए विधानभवन के सामने से गुजरी दर्शकों ने जोश दिखाते हुए तालियां बजाकर परेड में शामिल जवानों का उत्साह बढ़ाया।

इसके साथ ही वंदेमातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए। अत्याधुनिक हथियारों और तोप, टैंक व बख्तरबंद गाड़ियों के साथ देशभक्ति के गीतों पर कदमताल मिलाते हुए सेना, आईटीबीपी, पीएसी, एनसीसी आदि के जवानों ने तिरंगे को सलामी दी।

स्कूल के दलों ने रंगबिरंगी पोशाकों में बैंड की धुनों पर शानदार प्रस्तुति दी। रिहर्सल परेड का केडी सिंह बाबू स्टेडियम पर समापन हुआ।

कल गणतंत्र दिवस पर 23 विभागों की निकलेंगी झांकियां

26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर सुबह 10 बजे से चारबाग से विधान भवन होते हुए परेड के साथ विभागों, संस्थाओं और स्कूलों की 23 झांकियां निकाली जाएंगी।

इस बार गणतंत्र दिवस समारोह की थीम विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश, वंदेमातरम और ऑपरेशन सिंदूर रखी गई है। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के दल सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे।

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.