रामनगर, अमृत विचार: विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान का 'दिल' कहे जाने वाले ढिकाला पर्यटन जोन को रविवार से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। मानसून के चलते पिछले पांच महीनों से बंद पड़े इस सबसे लोकप्रिय जोन के खुलते ही जंगल एक बार फिर सैलानियों की चहल-पहल से गुलजार हो गया है। खास बात यह है कि ढिकाला जोन के खुलने से पहले ही वहां के सभी विश्राम गृह (फॉरेस्ट रेस्ट हाउस) पूरी तरह से पैक हो चुके हैं। अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां खुले आसमान के नीचे बाघों की दहाड़, हाथियों की चिंघाड़ और कुलांचे भरते हिरणों के झुंड के रोमांचक नजारों का करीब से दीदार कर सकेंगे।
सुबह साढ़े बजे निदेशक साकेत बडोला ने पर्यटकों को ढिकाला के लिए रवाना किया
इसी के साथ ही कार्बेट पार्क के ढिकाला, बिजरानी, ढेला व झिरना पर्यटन जोन में वन विश्राम गृह में नाइट स्टे भी शुरू हो गया। ढिकाला में पर्यटक डे कैंटर सफारी व दुर्गादेवी में जिप्सी सफारी कर सकेंगे। पहले दिन विधायक दीवान सिंह बिष्ट व कार्बेट के निदेशक साकेत बडोला ने पूजा अर्चना के बाद सुबह साढ़े छह बजे फीता काटकर व हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों को ढिकाला के लिए रवाना किया। सुबह की पाली में तीन कैंटर से लगभग 64 पर्यटक सफारी के लिए गए। सफारी मार्गों को पहले ही दुरुस्त किया जा चुका है। मानसून के चलते कार्बेट पार्क में नाइट स्टे व रात्रि विश्राम 15 जून से पर्यटकों के लिए बंद था।
मानसून के बाद हर साल 15 नवंबर को खुलते हैं जंगल के दरवाजे
कॉर्बेट पार्क के वार्डन बिंदरपाल ने बताया कि हर साल मानसून सीजन के दौरान बारिश, उफनते नालों और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 15 जून को ढिकाला पर्यटन क्षेत्र को सैलानियों के लिए बंद कर दिया जाता है। इसके बाद मानसून की विदाई और जंगल के रास्तों की मरम्मत पूरी होने पर तय कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर से इसे फिर से पर्यटकों के लिए खोला जाता है। उन्होंने बताया कि ढिकाला जोन अपनी समृद्ध जैव विविधता, खुले घास के मैदानों और वन्यजीवों की सहज मौजूदगी के कारण दुनियाभर के प्रकृति प्रेमियों के बीच एक खास पहचान रखता है।
शीतकालीन पर्यटन सत्र शुरू, कारोबारियों के खिले चेहरे
ढिकाला जोन की सबसे बड़ी खासियत यहां होने वाला रात्रि विश्राम है, जहां पर्यटकों को घने जंगल के प्राकृतिक वातावरण को बेहद करीब से महसूस करने का अनूठा अवसर मिलता है। इस प्रमुख जोन के खुलने के साथ ही कॉर्बेट के शीतकालीन पर्यटन सत्र की मुख्य गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। पर्यटन सीजन के पूरे शबाब पर आने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है, जिससे जिप्सी संचालकों, नेचर गाइडों और होटल कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है।
यह भी पढ़ें:-
पीलीभीत टाइगर रिजर्व : बाघों की सुपर साइटिंग