दिल्ली। चीनी व्लॉगर और लाइवस्ट्रीम करने वालों के एक समूह पर बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पिछड़े इलाकों में वीडियो बनाकर उन्हें नयी दिल्ली का बताने और कथित तौर पर सुनियोजित भारत विरोधी अभियान चलाने का आरोप है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि यह अभियान केवल गरीबी को दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जानबूझकर दूसरे देश के स्थानों और वहां की जीवन परिस्थितियों को भारत का बताकर पेश किया जा रहा है। इसके साथ अपमानजनक टिप्पणियां भी की जा रही हैं, जिनसे अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भारतीय समाज को लेकर धारणा प्रभावित हो सकती है।
विदेश मंत्रालय ने जताई चिंता, कार्रवाई की उम्मीद
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय ने इसे “अफसोसजनक” बताया है। मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी इस मामले में कार्रवाई करेंगे। आरोप है कि बांग्लादेश की राजधानी ढाका के कुछ इलाकों को वीडियो में नई दिल्ली का बताकर पेश किया जा रहा है। इस कथित गतिविधि में प्रभावशाली चीनी व्लॉगर्स और लाइवस्ट्रीम करने वालों के शामिल होने की बात सामने आई है।
ढाका की गंदी गलियों को बताया जा रहा नई दिल्ली
सूत्रों के अनुसार, उपलब्ध रिपोर्ट स्पष्ट रूप से एक सुनियोजित भारत विरोधी अभियान की ओर संकेत करती हैं। सूत्रों ने बताया कि हालिया रिपोर्ट के अनुसार, चीनी व्लॉगर और लाइवस्ट्रीम करने वालों का यह समूह बांग्लादेश के ढाका के पिछड़े इलाकों में वीडियो बना रहा है और इन स्थानों को गलत तरीके से भारत की राजधानी नयी दिल्ली का हिस्सा बता रहा है।
कई महीनों से जारी है वीडियो बनाने का सिलसिला
सूत्रों ने कहा कि ये व्लॉगर ढाका के विभिन्न इलाकों के दृश्य प्रसारित करते हुए भारत की जीवन स्थितियों, साफ-सफाई, खान-पान की आदतों और गरीबी को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे भौगोलिक स्थानों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश करने और भ्रामक डिजिटल सामग्री के जरिये अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भारत की नकारात्मक छवि बनाने की आशंका को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं।
Doyin और WeChat पर हो रहा प्रसारण
यह मामला सोशल मीडिया मंचों पर गलत सूचनाओं और छवि से छेड़छाड़ की बढ़ती चुनौती को भी उजागर करता है, जहां सनसनीखेज सामग्री की प्रामाणिकता की पुष्टि होने से पहले ही वह बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच सकती है। सूत्रों ने कहा कि ऐसी खबरें हैं कि करीब 150 चीनी नागरिक ढाका के टेकपाड़ा और उत्तरा इलाकों में वीडियो बनाने और लाइव प्रसारण करने में शामिल रहे हैं।
बताया जाता है कि यह गतिविधि कई महीनों से जारी है और लाइवस्ट्रीम करने वाले तड़के से देर रात तक सक्रिय रहते हैं। सूत्रों के अनुसार, चीनी नागरिक मुख्य रूप से चीन के सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारण कर रहे हैं। इनमें चीन का घरेलू शॉर्ट वीडियो मंच 'डॉयिन' और मैसेजिंग एवं सोशल नेटवर्किंग मंच 'वीचैट' शामिल हैं।
ये भी पढ़ें :
बांग्लादेश में मदरसे में लगी आग: जहरीले धुएं की चपेट में आए 79 छात्र; चार की हालत गंभीर