NZvsIND : न्यूजीलैंड की टीम 134 रन पर ढेर, भारतीय गेंदबाजों ने बरपाया कहर; गुरनूर बराड़ ने शमी-अर्शदीप को छोड़ा पीछे

गुरनूर बराड़ ने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की तोड़ी कमर, भारतीय गेंदबाजों के सामने 41 ओवर में 134 रन पर सिमटी मेजबान टीम

IND vs NZ दूसरे वनडे में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की टीम को 134 रन पर समेट दिया। गुरनूर बराड़ ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि अकीब नबी और अंशुल कंबोज को दो-दो सफलताएं मिलीं।

वेलिंगटन। भारतीय तेज गेंदबाजों ने अपने शानदार प्रदर्शन से न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। चार विकेट लेने वाले गुरनूर बराड़ की अगुवाई में अनुभवहीन भारतीय तेज आक्रमण ने शनिवार को दूसरे वनडे मुकाबले में मेजबान टीम को 41 ओवर में महज 134 रन पर समेट दिया। बराड़ ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 30 रन देकर चार विकेट झटके। वहीं आकिब नबी और अंशुल कम्बोज ने दो-दो विकेट लेकर न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं।

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो गेंदबाजों ने सही साबित कर दिखाया। बारिश और मौसम को देखते हुए मुकाबले को प्रति टीम 47 ओवर का कर दिया गया था। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और कुल 176 डॉट गेंदें फेंककर मेजबान टीम को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

बराड़ ने शॉर्ट गेंदों से मचाया कहर, एक ओवर में झटके दो विकेट

गुरनूर बराड़ ने अपनी उछाल भरी शॉर्टपिच गेंदों से न्यूजीलैंड के मध्यक्रम को पूरी तरह परेशान कर दिया। उन्होंने एक ही ओवर में कप्तान टॉम लैथम और ग्लेन फिलिप्स को पवेलियन भेजकर मेजबान टीम को बड़ा झटका दिया। लैथम ने बाहर जाती गेंद पर नमन धीर को कैच थमा दिया, जबकि फिलिप्स का कैच अंशुल कम्बोज ने लपका। बराड़ ने अपने दस ओवर के स्पेल में 30 रन देकर चार विकेट हासिल किए। यह उनके वनडे करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

पावरप्ले में ही न्यूजीलैंड की हालत खराब

भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड पर शिकंजा कस दिया। आकिब नबी ने टिम सीफर्ट को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। मिडविकेट पर खड़े अंशुल कम्बोज ने आगे की ओर डाइव लगाकर शानदार कैच लपका और नबी को उनका पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट दिलाया। इसके बाद विल यंग 17 गेंदों में छह रन बनाकर केएल राहुल को कैच दे बैठे। हेनरी निकोल्स भी 26 गेंदों में 11 रन बनाकर अंशुल कम्बोज की गेंद पर बोल्ड हो गए। इस तरह पावरप्ले के भीतर ही न्यूजीलैंड ने 29 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए।

डेरिल मिचेल ने संभाली पारी, सेंटनेर के साथ की अर्धशतकीय साझेदारी

लगातार विकेट गिरने के बीच डेरिल मिचेल ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 104 गेंदों में 55 रन बनाए। उन्हें भारतीय कप्तान शुभमन गिल से एक जीवनदान भी मिला, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने मिचेल सेंटनेर के साथ 59 रन की साझेदारी की। सेंटनेर ने 38 गेंदों में 31 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन अक्षर पटेल ने मिचेल को अंशुल कम्बोज के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी का अंत कर दिया।

नबी और कम्बोज ने भी दिखाया दम

गुरनूर बराड़ के अलावा आकिब नबी और अंशुल कम्बोज ने भी शानदार गेंदबाजी की। नबी ने सात ओवर में 31 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि कम्बोज ने आठ ओवर में 25 रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया। अर्शदीप सिंह को कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने सात ओवर में सिर्फ 16 रन देकर किफायती गेंदबाजी की और न्यूजीलैंड पर दबाव बनाए रखा।

ये भी पढ़ें : 
IND vs NZ: कोहली के बल्ले से निकला अर्धशतक, अर्शदीप की गेंदों ने बरपाया कहर, न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने जीता पहला वनडे

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.