दिल्ली में यमुना की लहरों पर नमो यमुना क्रूज : सोनिया विहार से जगतपुर तक कर सकेंगे 40 मिनट की सैर; जानें रूट और बुकिंग

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया 'नमो यमुना क्रूज सफारी' का उद्घाटन, सोनिया विहार से जगतपुरी तक चलेगा वातानुकूलित क्रूज

दिल्लीवासियों और पर्यटकों को अब यमुना नदी में क्रूज सफारी का रोमांचक अनुभव मिलेगा। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नमो यमुना क्रूज सफारी का उद्घाटन किया। सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब चार से पांच किलोमीटर का सफर 40 मिनट में पूरा होगा। क्रूज में एक बार में 35 यात्री सफर कर सकेंगे।

दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अब यमुना नदी की लहरों पर सैर करने का सपना भी साकार होने जा रहा है। दिल्लीवासियों और पर्यटकों को नदी पर्यटन का नया अनुभव देने के लिए मंगलवार को 'नमो यमुना क्रूज सफारी' की शुरुआत की गई। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुरी तक चलने वाली क्रूज सेवा का उद्घाटन किया। इस सेवा के शुरू होने से लोगों को दिल्ली में ही नदी के बीच क्रूज सफारी का आनंद लेने का मौका मिलेगा।

https://twitter.com/sarbanandsonwal/status/2120044785604202874?a=gY4sYdKFhsN0eZAM5fk&s=20

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, मंत्री प्रवेश वर्मा और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। उद्घाटन के बाद  सोनोवाल, सीएम गुप्ता और अन्य नेताओं ने यमुना नदी में क्रूज की सवारी भी की। सोनोवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मां यमुना के आशीर्वाद से दिल्ली में पहली बार इस तरह की पहल संभव हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पूरी टीम ने अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के साथ मिलकर इस पहल को सफल बनाने में सहयोग किया है। सोनिया विहार से जगतपुर तक की यात्रा में दिल्ली आने वाले देशी-विदेशी पर्यटक तीन से चार घंटे तक विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया दिल्लीवासियों के लिए नया अनुभव

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना में शुरू हुई 'नमो यमुना सफारी' केवल क्रूज, सफारी या नौका यात्रा नहीं बल्कि मां यमुना के प्रति लोगों की गहरी आस्था, प्रेम और श्रद्धा का प्रतीक है। यह दिल्लीवासियों के लिए नया अनुभव है जिसके लिए पहले उन्हें दूसरे शहरों और नदियों तक जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि यहां लाइट एंड साउंड शो, मनोरंजन गतिविधियों तथा बच्चों और वयस्कों के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना सफारी का आनंद लेने और अपने बच्चों को पवित्र यमुना तथा प्रकृति से परिचित कराने का आह्वान किया। 

दिल्ली सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से दिल्ली में यातायात की भीड़ कम करने के लिए एक लाख 25 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं लागू की गयी हैं। इसके तहत बड़े फ्लाईओवर बनाये गये हैं और नये एक्सप्रेसवे तैयार किये गये हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले 21 महीनों में पर्यावरण के क्षेत्र में भी काम किया है और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ त्योहार मनाने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया है। 

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में दिल्ली लगातार आगे बढ़ रही है। इस दौरान राज्य सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता यमुना रिवरफ्रंट का विकास करना है, जो पूरी नदी की सफाई के बाद ही संभव है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली सरकार ने 18-19 महीनों में दिल्ली से गुजरने वाली यमुना की 52 किलोमीटर लंबी धारा के आधे हिस्से की सफाई की है। 

500 रुपये में पूरा होगा क्रूज का सफर

अधिकारियों के मुताबिक, क्रूज की पूरी यात्रा का किराया 500 रुपये निर्धारित किया गया है। टिकट दिल्ली पर्यटन की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे। सोनिया विहार से जगतपुरी तक का यह सफर पर्यटकों को यमुना के प्राकृतिक नजारों के बीच एक अलग अनुभव देगा। इससे दिल्ली में पर्यटन की नई संभावनाएं भी खुलेंगी। प्रति व्यक्ति किराया जीएसटी सहित 500 रुपये निर्धारित किया गया है। यात्री दिल्ली पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे। जानिए क्रूज की सुविधाएं, रूट, किराया और टिकट बुकिंग से जुड़ी पूरी जानकारी।

रूट, किराया और टिकट बुकिंग

क्रूज रूट: सोनिया विहार से जगतपुर तक संचालन होगा।

दूरी: करीब चार से पांच किलोमीटर का सफर तय करेगा क्रूज।

समय: पूरी यात्रा लगभग 40 मिनट में पूरी होगी।

क्षमता: एक बार में अधिकतम 35 यात्री कर सकेंगे सफर।

किराया: प्रति व्यक्ति 500 रुपये (जीएसटी सहित) निर्धारित।

टिकट बुकिंग: दिल्ली पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे यात्री।

https://twitter.com/gupta_rekha/status/2120029466625782071?a=J7b92hA1i9me7sgiOaU&s=20

सुविधाओं से लैस होगा क्रूज

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्रूज को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इसमें वातानुकूलित व्यवस्था, शून्य अपशिष्ट निकासी वाली जैव शौचालय प्रणाली, उद्घोषणा प्रणाली और सुरक्षा जैकेट उपलब्ध होंगी। इससे यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित सफर का अनुभव देने की तैयारी है।

राष्ट्रीय जलमार्ग-110 पर बढ़ेगा नदी पर्यटन

राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सोनिया विहार-जगतपुर खंड में क्रूज सेवा शुरू होना यमुना की नौकायन और नदी पर्यटन क्षमता का उपयोग करने की दिशा में अहम कदम है। इससे राजधानी में जल परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

https://twitter.com/shipmin_india/status/2120028078101680267?a=i-8ga6VnWcIvYRgqjSc&s=20

कई सरकारी एजेंसियों ने मिलकर तैयार की परियोजना

इस परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी), सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड के सहयोग से विकसित किया गया है। क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण और दिल्ली सरकार की एजेंसियों के बीच मार्च 2025 में समझौता हुआ था। इससे पहले यमुना के छह किलोमीटर हिस्से में क्रूज का प्रायोगिक परीक्षण भी किया गया था।

दुनिया का सबसे लंबा क्रूज

परियोजना को साकार करने में मंत्रालय को मिले पूरे सहयोग के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और नेतृत्व से ही यह काम पूरा हो पाया है। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री ने पदभार संभालने के बाद देश के अंतर्देशीय जलमार्गों के अध्ययन और अनुसंधान की पहल की थी। पहले नदी क्रूज के लिए यूरोप और समुद्री क्रूज के लिए मियामी का उदाहरण दिया जाता था तथा यह धारणा थी कि भारत में ऐसी परियोजनाएं संभव नहीं हैं जबकि देश में गंगा और ब्रह्मपुत्र जैसी विशाल नदियां हैं। भारत ने दुनिया का सबसे लंबा नदी क्रूज पूरा कर वैश्विक मानक स्थापित किया है, जिसने 3,200 किलोमीटर की यात्रा में 27 नदी प्रणालियों को पार किया है। 

ये भी पढ़ें :
दिवाली से पहले दिल्ली की हवा हुई जहरीली : GRAP-3 के बावजूद AQI पहुंचा 364; कई इलाकों में हालात गंभीर

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.