Under-19 Asia Cup : आखिरी गेंद पर पाकिस्तान का घमंड चकनाचूर! भारत ने नौवीं बार उठाई अंडर-19 एशिया कप ट्रॉफी

मोहित उल्वा और मनल चौहान ने पलटा मैच का पासा, एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर भारत बना चैंपियन

भारतीय अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप का खिताब जीत लिया। 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मोहित उल्वा ने नाबाद 49 और मनल चौहान ने 47 रन बनाए।

अमीरात। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने रोमांच की हदें पार करते हुए पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर एशियन क्रिकेट काउंसिल अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत ने नौवीं बार यह ट्रॉफी जीती। 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय मुश्किल में फंस गई थी, लेकिन मोहित उल्वा और मनल चौहान की शानदार साझेदारी ने मुकाबले का रुख पलट दिया। मोहित ने 26 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 49 रन बनाए, जबकि मनल ने 47 रन की अहम पारी खेली। आखिरी बल्लेबाज के रूप में उतरे चिगुरपति वेंकटा ने नाबाद 11 रन बनाकर जीत में निर्णायक योगदान दिया।

लक्ष्य और सहवाग ने दी मजबूत शुरुआत

338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। 18वें ओवर में निकाब शरीफ ने आर्यवीर सहवाग को 58 रन के निजी स्कोर पर आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई।

इसके बाद लक्ष्य रायचंदानी और वीके विनीत ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े। 27वें ओवर में रिजवानउल्लाह ने विनीत को 24 रन पर पवेलियन भेज दिया। 37वें ओवर में अली रजा ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे कप्तान लक्ष्य रायचंदानी को 80 रन पर आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया।

लड़खड़ाई भारतीय पारी, मोहित-मनल ने संभाला मोर्चा

कप्तान के आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी दबाव में आ गई। अर्जुन राजपूत 16, यशबर्धन चौहान नौ, अन्वय द्रविड 19, आर्यन सवसानी नौ और काव्य परेश पटेल आठ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा ने नौवें विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी कर भारत की उम्मीदें जिंदा रखीं। 48वें ओवर की दूसरी गेंद पर निकाब शरीफ ने मनल चौहान को 47 रन के स्कोर पर आउट कर दिया।

मनल ने 32 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। इसके बाद चिगुरपति वेंकटा ने मोहित उल्वा का साथ निभाया। दोनों ने आखिरी तक संघर्ष करते हुए भारत को जीत दिला दी। भारतीय टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 339 रन बनाकर खिताब अपने नाम किया। पाकिस्तान की ओर से रिजवानउल्लाह ने तीन विकेट लिए, जबकि निकाब शरीफ को दो सफलता मिली। अली रजा, मोहम्मद सय्याम और हसनैन अब्बास दार ने एक-एक विकेट हासिल किया।

उस्मान ख्वाजा के शतक से पाकिस्तान ने बनाए 337 रन

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने उस्मान ख्वाजा, अब्दुल कादिर और कप्तान फरहान यूसफ की शानदार पारियों की बदौलत नौ विकेट पर 337 रन बनाए। उस्मान ने 107, अब्दुल कादिर ने 80 और फरहान ने 63 रन का योगदान दिया।

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज उस्मान खान और हयाम खान ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। नौवें ओवर में काव्य परेश पटेल ने हयाम खान को 21 रन पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अब्दुल कादिर ने उस्मान ख्वाजा के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी हुई।

भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में की वापसी

27वें ओवर में अर्जुन राजपूत ने अब्दुल कादिर को आउट किया। कादिर ने 54 गेंदों में तीन चौके और आठ छक्कों की मदद से 80 रन बनाए। 37वें ओवर में काव्य परेश पटेल ने शतक पूरा कर चुके उस्मान ख्वाजा को पवेलियन भेजा। उस्मान ने 111 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्के लगाकर 107 रन बनाए। 45वें ओवर में कप्तान फरहान यूसफ 63 रन बनाकर आउट हुए। आखिरी ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर पाकिस्तान को 337 रन पर रोक दिया। भारत की ओर से काव्य परेश पटेल ने चार और चिगुरपति वेंकटा ने तीन विकेट लिए। अर्जुन राजपूत को एक सफलता मिली।

यह भी पढ़ें:-Ind U19 vs Pak U19 Final : भारत के सामने जीत के लिए 338 रन का लक्ष्‍य, एशिया कप में उस्मान का शतक, यहां देखें स्कोर

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।