अयोध्या। जनपद के कुमारगंज थाना क्षेत्र में धान का बेरन निकालने गई महिला की दिनदहाड़े धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने 20 दिन बाद नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि इसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कुमारगंज थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह की टीम ने क्षेत्र की एक महिला की हत्या में वांछित 10 हजार के इनामिया शिवकुमार उपाध्याय उर्फ शिवकुमार पाण्डेय निवासी ग्राम पूरे तुलसी धमथुआ थाना कुमारगंज को शुक्रवार को इटौजा मोड़ पिठला थाना कुमारगंज से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी निशानदेही पर हत्या की वारदात में प्रयुक्त आला कत्ल चापड़ ( गड़ासा ) बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का चालान किया जा रहा है।
बात न मानने पर अधेड़ आशिक ने की थी हत्या
कुमारगंज थाना क्षेत्र के गांव धमथुआ निवासी नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मी की दूसरी विवाहिता की 19 जून की सुबह दिनदहाड़े धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई थी। प्रकरण में गांव के ही तुलसी का पुरवा निवासी शिव कुमार के खिलाफ दलित की हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
बताया गया था कि मृतका से आरोपी शिव कुमार के शारीरिक संबंध थे और उसे यह बात अच्छी नहीं लगती थी कि महिला मेहनत मजदूरी करे। उसने मृतका को मेहनत मजदूरी पर न जाने की हिदायत दी थी और ऐसा होने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी।
19 जून की सुबह महिला गांव के ही एक किसान के खेत पर धान का बेरन निकालने गई तो इस बात की जानकारी शिवकुमार को हो गई। गुस्से में आग बबूला शिवकुमार मौके पर पहुंचा और महिला पर दिनदहाडे ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देकर वह मौके से फरार हो गया था।