ध्वजारोहण के बाद पीएम मोदी करेंगे अयोध्या में राममंदिर निर्माण कार्य के पूर्ण होने की घोषणा

अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राममंदिर ध्वजारोहण समारोह में रामविवाह के पावन अवसर पर मंगलवार को अयोध्या के महर्षि बाल्मिकी अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विशेष विमान से उतरेंगे और रामनगरी अयोध्या में ध्वजारोहण के साथ श्री मोदी राममंदिर निर्माण के पूर्ण होने की घोषणा करेंगे। पीएम मोदी यहां साढ़े चार घंटे रहेंगे। इसके बाद श्री मोदी अपराह्न एक बज कर 55 मिनट पर यहां से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के कर कमलों से राममंदिर के शिखर पर 11 बज कर 55 मिनट पर ध्वजारोहण होगा और इसी ध्वजारोहण के साथ श्री मोदी राममंदिर निर्माण के पूर्ण होने की घोषणा करेंगे। जिसके साक्षी 6000 से अधिक आमंत्रित अतिथि, निर्माण कार्य में लगे 1200 से अधिक इंजीनियर एवं सहयोगी कर्मचारी और व्यवस्था में लगे 600 से अधिक स्वयंसेवक के साथ 1000 से अधिक सुरक्षाकर्मी बनेंगे।

प्रधानमंत्री का विमान अयोध्या एयरपोर्ट पर नौ बज कर 35 मिनट पर उतरेगा। उनका महर्षि बाल्मिकी अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय और भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों नेताओं के साथ प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही करेंगे उनके साथ प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहेंगे।

एयरपोर्ट से सेना के विशेष हेलिकाप्टर से प्रधानमंत्री अयोध्या में राममंदिर के समीप स्थित कामता प्रसाद सुंदर लाल साकेत महाविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। जहां उनका स्वागत प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा के स्थानीय नेता करेंगे।

नौ बज कर 50 मिनट पर पीएम मोदी का काफिला राममंदिर के लिए रामपथ से प्रस्थान करेगा जहां रामपथ के दोनों तरफ मौजूद अयोध्या के संत धर्माचार्य बटुक पुरोहित व्यापारी महिलाएं और भाजपा के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का तिरंगा भगवा ध्वज शंखनाद स्वस्ति वाचन और पुष्पवर्षा से अभिनन्दन करेगे।

प्रधानमंत्री का काफिला राममंदिर 11 जगतगुरू शंकराचार्य द्वार से प्रवेश कर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में स्थित सप्त ऋषि मंदिर पहुंचेगा जहां वह विधि विधान से सप्त ऋषि मंदिर में पूजन करेंगे और यही से परिसर में स्थित ग्रीन हाउस में जायेगे। प्रधानमंत्री के लिए 45 मिनट का समय सुरक्षित रखा गया है।

राममंदिर परिसर में प्रधानमंत्री का स्वागत श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपतराय और राममंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्र करेंगे। श्री मोदी परकोटा एवं श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में स्थित सभी मंदिरों में दर्शन करेंगे।

प्रधानमंत्री राममंदिर के शिखर पर मंदिर के पिछले भाग में बने मंच से ध्वजारोहण करेंगे। शुभ मुहुर्त 11 बज कर 55 मिनट से 12 बजे का है। इसी समय प्रधानमंत्री राममंदिर शिखर पर सेना की उपस्थिति में ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण समारोह के बाद मंदिर के मुख्य प्रवेश स्थल के बगल मंच से आमंत्रित अतिथियो को संबोधित करेंगे।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).