Barabanki News: गैस रिसाव से लगी भीषण आग, बहन को बचाने पहुंचे भाई समेत दो लोग झुलसे

माचिस जलाते ही कमरे में फैली गैस ने पकड़ी आग, दोनों की हालत गंभीर; जिला अस्पताल रेफर

बाराबंकी के रामसनेहीघाट क्षेत्र में गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग में बहन-भाई गंभीर रूप से झुलस गए। बहन को बचाने के प्रयास में भाई भी आग की चपेट में आ गया। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोरपुर में सोमवार को गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। हादसे में बहन और भाई गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, गोरपुर निवासी 65 वर्षीय गीता देवी के घर उनके भाई 40 वर्षीय रामगनेश निवासी न्यौछना आए हुए थे।

गीता देवी भाई के लिए चाय बनाने रसोई में गईं और गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खोल दिया। इसी दौरान वह माचिस लेने के लिए कमरे से बाहर चली गईं। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटीं और माचिस जलाई तो कमरे में पहले से फैली गैस ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते पूरा कमरा आग की लपटों से घिर गया।

बहन को बचाने में भाई भी झुलसा

आग में फंसी बहन को बचाने के लिए रामगनेश तुरंत कमरे के अंदर पहुंचे। बहन को बाहर निकालने के प्रयास में वह भी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। परिजन दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जानकारी जुटाई है।


ये भी पढ़ें : 
Barabanki News: फर्जी बैनामे से जमीन हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज, कोर्ट के आदेश पर देवा पुलिस ने शुरू की जांच

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.