Ayodhya News: इलाज के लिए दिल्ली तक भटका पिता, नहीं बचा सका बेटे की जान

दो बेटियों के बाद जन्मे बेटे को बचाने की हर कोशिश नाकाम, पीजीआई लखनऊ से एम्स दिल्ली तक लगाई गुहार; आठ माह के मासूम की मौत से परिवार में मातम

अयोध्या के मिल्कीपुर में दिल में छेद की बीमारी से जूझ रहे आठ माह के मासूम की मौत हो गई। पिता पीजीआई लखनऊ से एम्स दिल्ली तक इलाज के लिए भटकता रहा, लेकिन आर्थिक तंगी से ऑपरेशन नहीं हो सका।

मिल्कीपुर/अयोध्या, अमृत विचार : दिल में छेद की बीमारी से जूझ रहे आठ माह के मासूम की जान बचाने के लिए पिता उसे लखनऊ से लेकर ऐम्स दिल्ली तक भटकता रहा, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते ऑपरेशन के लिए जरूरी रकम नहीं जुटा सका। अब बेटे की मौत से परिवार में मातम है।

मिल्कीपुर क्षेत्र के किनौली, पूरे समाधान निवासी कृष्ण कुमार शर्मा (35) कपड़े की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। उनकी पत्नी सरिता ने अयोध्या के देवकाली स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से बेटे को जन्म दिया था। दो बेटियों के बाद बेटे के जन्म से परिवार में खुशियां छा गई थीं। हालांकि, कुछ समय बाद पता चला कि मासूम के दिल में छेद है। बच्चे की गंभीर बीमारी की जानकारी मिलने के बाद माता-पिता उसे लेकर इलाज के लिए भटकने लगे। उन्हें उम्मीद थी कि बेहतर उपचार मिलने से बेटे की जान बच जाएगी। इसके लिए वे पीजीआई लखनऊ से लेकर ऐम्स दिल्ली तक गए, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण ऑपरेशन के लिए जरूरी धन की व्यवस्था नहीं हो सकी। आखिरकार आठ माह के मासूम ने दम तोड़ दिया।

इस घटना ने सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता की उपलब्धता पर सवाल खड़े किए हैं। यह दर्द सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि उन गरीब परिवारों की बेबसी को भी सामने लाता है, जिनके लिए महंगे इलाज का खर्च उठाना आसान नहीं है। सवाल है कि क्या जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य योजनाओं और आर्थिक सहायता का लाभ समय रहते पहुंचाने की व्यवस्था और प्रभावी नहीं होनी चाहिए, ताकि पैसे की कमी किसी मासूम की जिंदगी पर भारी न पड़े।

यह भी पढ़ेंः वैश्विक निवेश को जमीन पर उतारना प्राथमिकता, बोले CM योगी- MOU से मैन्युफैक्चरिंग तक सरकार निवेशकों के साथ

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.