दीपोत्सव में 14 झांकियों से जीवंत होगी रामकथा: 3D मॉडल और लोकनृत्यों का दिखेगा अद्भुत संगम

साकेत कॉलेज से रामकथा पार्क तक निकलेगी भव्य शोभायात्रा: रामायण के सातों कांडों के साथ दिखेगी 7 राज्यों और UP के 7 अंचलों की लोककला

अयोध्या दीपोत्सव 2026 में साकेत कॉलेज से 14 झांकियां निकलेंगी। रामायण के 3D प्रसंगों के साथ UP के 7 अंचलों और 7 राज्यों के लोकनृत्य मुख्य आकर्षण होंगे।

लखनऊ,अमृत विचार:  अयोध्या में आयोजित होने जा रहे भव्य दीपोत्सव-2026 में इस बार भगवान श्रीराम की संपूर्ण जीवन यात्रा और रामायण के पावन प्रसंगों की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से रामायण के सातों कांडों पर आधारित 14 भव्य झांकियां तैयार कराई जा रही हैं। बालकांड से लेकर उत्तरकांड तक के प्रसंगों को 3D मॉडल के जरिए जीवंत रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। यह भव्य झांकी यात्रा साकेत महाविद्यालय से शुरू होकर रामकथा पार्क तक पहुंचेगी, जो देश भर की लोककलाओं से सराबोर होगी।

बालकांड से उत्तरकांड तक के 3D प्रसंग करेंगे मंत्रमुग्ध

प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि झांकियों में रामकथा के साथ-साथ लोककलाओं का अद्भुत समावेश किया गया है:

बालकांड: पुत्रेष्टि यज्ञ, अहिल्या उद्धार, सीता स्वयंवर और श्रीराम विवाह के दृश्य।

अयोध्याकांड: श्रीराम का वनगमन, केवट प्रसंग और भरत को चरण पादुका सौंपने की घटनाएं।

अरण्यकांड: स्वर्ण मृग, सीता हरण, शबरी प्रसंग और जटायु-रावण युद्ध।

किष्किंधाकांड: श्रीराम-हनुमान मिलन, सुग्रीव-बालि युद्ध और सुग्रीव का राज्याभिषेक।

सुंदरकांड: हनुमान जी का समुद्र पार करना, लंका दहन और माता सीता से भेंट।

लंकाकांड: राम-रावण युद्ध, लक्ष्मण जी के लिए संजीवनी लाना और पुष्पक विमान से अयोध्या वापसी।

उत्तरकांड: श्रीराम राज्याभिषेक और दिव्य रामराज्य की स्थापना का दृश्य।

यूपी के 7 अंचलों और 7 राज्यों के लोकनृत्य बनेंगे आकर्षण का केंद्र

झांकी यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के सात सांस्कृतिक अंचलों के साथ-साथ देश के सात अन्य राज्यों के प्रसिद्ध लोकनृत्य अपनी छटा बिखेरेंगे। इसमें यूपी से अयोध्या का फरुवाही, अवध का ढेढिया, पूर्वांचल का धोबिया, सोनांचल का करमा, बुंदेलखंड का राई, ब्रज का मयूर और पश्चिमांचल का गूजरी लोकनृत्य शामिल होगा। वहीं अन्य राज्यों से उत्तराखंड का छोलिया, मध्य प्रदेश का मटकी, हरियाणा का घूमर, छत्तीसगढ़ का छाऊ, गुजरात का गरबा-डांडिया, असम का बीहू और राजस्थान का कालबेलिया नृत्य मुख्य आकर्षण रहेगा।

सांस्कृतिक एकता और विविधता का संदेश देगा दीपोत्सव

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि झांकियों के जरिए रामकथा के प्रसंगों को देश की समृद्ध लोककलाओं से जोड़ने का ऐतिहासिक प्रयास किया गया है। इससे दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और नृत्य शैली की झलक एक ही मंच पर देखने को मिलेगी, जो भारत की सांस्कृतिक एकता और विविधता का सशक्त संदेश देगी।

यह भी पढ़ें: Yogi ki Pati: अयोध्या के दीपोत्सव पर CM योगी का संदेश... ‘जहां प्रकाश, वहां सुरक्षा; जहां निवेश, वहां विकास’

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui