Barabanki News : नहाय-खाय से गूंजे घर-आंगन; डीएम-एसपी ने परखी छठ घाटों की तैयारियां

हेडिंग बनाए खरना की पूजा के साथ घरों से घाटों तक छठ महापर्व की रौनक, व्रतियों में दिखा उत्साह

बाराबंकी में चार दिवसीय छठ महापर्व का आगाज नहाय-खाय के साथ हो गया। घरों से लेकर घाटों तक छठ पूजा की तैयारियां और उत्साह देखने को मिल रहा है। व्रती महिलाओं ने परंपरानुसार पूजा-अर्चना की, वहीं बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने छठ पूजा स्थलों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जानिए छठ महापर्व को लेकर बाराबंकी में कैसी हैं तैयारियां।

बाराबंकी, अमृत विचार। लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई। सुबह से ही व्रती महिलाओं ने घरों की साफ-सफाई और स्नान के बाद सूर्यदेव को नमन किया। दिनभर उपवास रखने के बाद लौकी की सब्जी और चने की दाल का प्रसाद ग्रहण कर पर्व के पारंपरिक अनुष्ठानों की शुरुआत की। शाम होते ही घरों में छठ मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

व्रती महिलाओं ने पर्व के दौरान जमीन या लकड़ी के तख्त पर सोने का संकल्प लिया। छठ को लेकर परिवारों में खासा उत्साह है। बाहर रह रहे परिजन भी पर्व मनाने के लिए घर लौटने लगे हैं। घरों में 'हे छठ मैया पूरी करो अरजिया हमार' और 'अन्न-धन से भरल रहे घरवा दुरअवा...' जैसे लोकगीतों की गूंज सुनाई दे रही है।

खरना की तैयारी, मिट्टी के चूल्हे पर बनेगा प्रसाद

शनिवार को कार्तिक शुक्ल पंचमी पर खरना यानी छोटी छठ का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती महिलाएं मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से चावल, गुड़ या गन्ने के रस से रसियाव (खीर) और ठेकुआ तैयार करेंगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद निर्जला व्रत शुरू होगा। इसके साथ ही छठ पर्व के सबसे कठिन और महत्वपूर्ण अनुष्ठान का क्रम आगे बढ़ेगा।

छठ की खरीदारी से बाजारों में बढ़ी रौनक, फलों के दाम चढ़े

छठ महापर्व की आहट के साथ ही शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल, सब्जियों और अन्य सामग्री की खरीदारी के लिए दुकानों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। मांग बढ़ने के चलते कई वस्तुओं के दामों में भी तेजी आई है, लेकिन श्रद्धा के आगे महंगाई का असर खरीदारी पर कम ही दिखाई दे रहा है।

व्रती महिलाओं ने कच्ची हल्दी, अदरक, गाजर, शकरकंद, आंवला, कैथा, कमरान, पनियाला, अनन्नास, गागरा, सुथनी, गन्ना, सिंघाड़ा, शरीफा, केला, सेब, संतरा और कच्ची सुपारी की खरीदारी की। कच्ची हल्दी-अदरक, गाजर, शकरकंद, पनियाला, आंवला, अनन्नास, गागरा, सुथनी, गन्ना, सेब और संतरे के दामों में उछाल आया है। हरी अदरक, हरी हल्दी और साठी चावल भी महंगे हुए हैं। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए सजाई जाने वाली फलों की डलिया की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। इसमें केला, पपीता, सेब, संतरा समेत कई तरह के फल रखे जाते हैं।

DM-SP ने घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने शहर के श्री नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर समेत प्रमुख छठ पूजा स्थलों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।

डीएम ने सभी पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही जलाशयों और गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने को कहा, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। 

वहीं, एसपी रवीना त्यागी ने प्रमुख घाटों और पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष सतर्कता बरतने और प्रमुख स्थानों पर पुलिस निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें :
Chhath Puja 2026: लक्ष्मण मेला घाट पर 18 घंटे गूंजेंगे छठ के गीत, मालिनी अवस्थी समेत 100 कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.