बाराबंकी : चंद्रशेखर-ओवैसी गठबंधन पर सपा का तंज, गोप बोले- हम जिन्हें विदा करने जा रहे हैं, उनकी बढ़ गई चिंता, 2027 में बनेगी PDA सरकार

अखिलेश यादव के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ेगा इंडिया गठबंधन, सपा को दूसरे दलों के चुनाव लड़ने की कोई चिंता नहीं

पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने और चंद्रशेखर को सीएम चेहरा बनाने के ऐलान पर दी प्रतिक्रिया, बोले- सपा को किसी से कोई चिंता नहीं

बाराबंकी, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टियों के गठबंधन की ओर से प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने और चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने के ऐलान पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने तंज कसा है।

उन्होंने कहा कि जिन्हें हम लोग विदा करने जा रहे हैं, उनकी चिंता बढ़ गई है। अब वे किस-किस को लाकर चुनाव मैदान में खड़ा कर रहे हैं, यह उनकी चिंता है। लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है और समाजवादी पार्टी को इससे कोई चिंता नहीं है।

अरविंद सिंह गोप ने कहा कि पूरा देश जान रहा है कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बनने जा रही है।अखिलेश यादव के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगा। प्रदेश में समाजवादियों और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव मैदान में कई दल आएंगे और चुनाव लड़ेंगे, लेकिन इससे समाजवादी पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जान चुकी है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को केवल इंडिया गठबंधन ही सत्ता से बाहर कर सकता है। गरीब, किसान, नौजवान, व्यापारी, छात्र और महिलाएं सभी ने संकल्प ले लिया है कि वर्ष 2027 में भाजपा को सत्ता से विदा करेंगे। अखिलेश यादव नौजवानों, विद्यार्थियों, गरीबों, महिलाओं और किसानों की आवाज सुनते हैं। जनता उन्हें 2027 में मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। सपा नेता ने कहा कि इंडिया गठबंधन बहुत बड़ा और मजबूत गठबंधन है। इससे मुकाबला करना किसी के बस की बात नहीं है। प्रदेश में सीधी लड़ाई है और जनता जानती है कि भाजपा को समाजवादी पार्टी ही हरा सकती है। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में कई दलों ने चुनाव लड़ा, लेकिन इंडिया गठबंधन सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा और उत्तर प्रदेश में नंबर एक गठबंधन रहा।

अरविंद सिंह गोप ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारी लोकसभा चुनाव की तैयारी से दस गुना ज्यादा बड़े स्तर पर की जा रही है। अखिलेश यादव खुद एक-एक विधानसभा सीट पर मंथन और चिंतन कर रहे हैं। हर सीट पर संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर काम चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि जिस दिन समाजवादी पार्टी की प्रत्याशियों की सूची जारी होगी, उस दिन भाजपा को अपनी विदाई रोकना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और पीडीए की सरकार सत्ता में आएगी। यह गरीबों की सरकार होगी। चुनाव में कई दल आएंगे और जाएंगे, लेकिन उत्तर प्रदेश में सरकार समाजवादी पार्टी की ही बनेगी।

यह भी पढ़ें : Shahjahanpur News: दिवाली पर शाहजहांपुर पहुंचे राजपाल यादव, मतदान और सुनासिरनाथ के विकास का उठाया मुद्दा

About The Author: Virendra Pandey

वीरेंद्र कुमार पाण्डेय वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। वर्तमान में वह AmritVichar.com में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में स्नातकोत्तर तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त की है।
पत्रकारिता और कानून, दोनों विषयों की गहरी समझ के कारण उनकी रिपोर्टिंग सटीक, तथ्यपरक और विश्वसनीय मानी जाती है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अपराध, प्रशासन तथा न्यायालय से जुड़े गंभीर और महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक रिपोर्टिंग की है। AmritVichar.com से पहले वह स्वतंत्र भारत, 4पीएम और ईटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।