Barabanki : तेज आंधी के कारण पेड़ टूटने से गिरा बिजली का पोल, महिला की दर्दनाक मौत 

बाराबंकी, अमृत विचार। शनिवार सुबह आंधी संग हुई बारिश के बाद एक ओर भीषण गर्मी व उमस से खासी निजात मिली, दूसरी ओर पेड़ गिरने से टूटा बिजली का पोल एक महिला गिरने उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह जर्जर पेड़ गिरने से पक्का मकान क्षतिग्रस्त हो गया।  

मौसम ने बदला मिजाज, तो भीषण गर्मी से मिल गई निजात

सुबह उमस भरी गर्मी से बेहाल लोगों को अचानक आसमान पर छाए बादलों ने खासी राहत दी। कुछ ही देर बाद तेज आंधी चली और बारिश होने लगी। शहर में मामूली बूंदाबांदी तो ग्रामीण इलाकों में खूब पानी बरसा।  मौसम के इस बदलाव से उमस से परेशान आमजन को खासी राहत मिली। लगा जैसे मन की मुराद पूरी हो गई। 

दोपहर बाद धूप निकली पर उमस का प्रकोप कम हो चुका था। पारा लुढ़क कर 33 डिग्री पर पहुंच गया। शुक्रवार को पूरे दिन हावी रही उमस के बाद लोगों को सुकून का इंतजार था। आंधी बारिश ने एक ओर राहत दी तो दूसरी ओर आफत भी खड़ कर दी। 

बिजली का खंभा गिरने से बाराबंकी में बड़ा हादसा

पहली घटना कोठी थाना क्षेत्र के मैकूपुरवा मजरे इब्राहिमाबाद में शनिवार की सुबह हुई।  गांव निवासी आरती देवी 35 पत्नी रामराज रावत करीब नौ बजे दैनिक काम में लगी थी। इसी समय घर के समीप लगा पुराना व जर्जर सूखा आम का पेड़ तेज आंधी तूफान के झोंकों से विद्युत तार पर आ गिरा। पोलों के बीच तारों में खिंचाव होते ही अंतिम छोर पर लगा खंभा महिला पर गिर गया। हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। 

सूचना मिलने पर पुलिस ‌व मोहना विद्युत पावर हाउस के ‌कर्मी पहुंच गए। पुलिस ने शव ‌पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीओ जैदपुर शिवेंद्र मोहन ने बताया कि आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। इसी तरह फतेहपुर कस्बा अंतर्गत नगर के मौलवीगंज मोहल्ले में शनिवार सुबह आंधी के दौरान काफी पुराना नीम का पेड़ टूटकर गिर गया। पेड़ का ऊपरी हिस्सा सामने स्थित एक पक्के मकान पर गिरा, जिससे घर क्षतिग्रस्त हो गया हालांकि लोग बाल-बाल बच गए।

ये भी पढ़ें  :  
बाराबंकी में सजे ज्येष्ठ शनिवार के भंडारे, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

 

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.