Barabanki Chhath Puja 2026: छठ पूजा के लिए सज गए बाराबंकी के घाट, आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी व्रती महिलाएं

बाराबंकी में छठ पूजा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। जिले के करीब ढाई दर्जन घाटों पर आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। खरना के बाद व्रती महिलाओं का 36 घंटे का निर्जल व्रत शुरू हो गया है।

बाराबंकी, अमृत विचारः छठ महापर्व को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। शनिवार को शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक तालाबों, नदियों और घाटों के किनारे वेदी सजाने का सिलसिला चलता रहा। दूसरे शनिवार की छुट्टी का दिन होने से व्रती महिलाओं के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी तैयारियों में हाथ बंटाते नजर आए। रविवार को जिले के करीब ढाई दर्जन घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान छठी मइया के गीतों से घाटों का माहौल भक्तिमय होगा।

शहर में नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर स्थित तालाब, आवास विकास का बड़ा पार्क, रामजानकी मंदिर, गांधी आश्रम, रेठ नदी का चिलहटा घाट, पुलिस लाइन, आलापुर और सतोखर तालाब समेत कई स्थानों पर पूजन के लिए वेदियां तैयार की गई हैं। नगर पालिका चेयरमैन शीला सिंह के निर्देश पर नागेश्वरनाथ तालाब को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है। तालाब में चल रहा फव्वारा इसकी सुंदरता में चार चांद लगा रहा है। आवास विकास और पीएसी परिसर में कृत्रिम तालाब भी तैयार किए गए हैं।

आवास विकास के तालाब पर महिलाएं छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए वेदियां बनाती दिखीं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह है। टिकैतनगर क्षेत्र के सरयू नदी स्थित तेलवारी घाट, रामनगर में सरयू तट, निंदूरा, मसौली, बड़ागांव घाट और बदोसराय थाना क्षेत्र के मरौचा गांव से गुजरने वाली बहटाई ड्रेन के किनारे बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे। घाटों पर पूजन की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इधर, पर्व को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी सक्रिय रहे।

शनिवार को विभिन्न तहसील क्षेत्रों में एसडीएम और सीओ ने तालाबों व घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित थाना प्रभारियों को नदी किनारे होने वाले पूजन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साफ-सफाई के लिए नगर पालिका, नगर पंचायतों और ब्लॉकों की टीमें अलग-अलग घाटों पर लगाई गई हैं। जेसीबी से घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त कराया गया। नदियों और तालाबों में बैरिकेडिंग कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न बढ़ें। अधिकारियों ने घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, टेंट, संकेतक और अन्य सुरक्षा इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाने और शेष व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी करने को कहा गया है। अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।

खरना के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का व्रत

छठी मइया अइलीं अंगनवा, सजि गइल घाट-घट...जैसे पारंपरिक लोकगीतों की धुन के बीच छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को घरों में खरना की परंपरा श्रद्धा और उल्लास के साथ निभाई गई। दिनभर व्रती महिलाओं ने छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए प्रसाद तैयार किया। सूर्यास्त के बाद पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर और रोटी का भोग लगाया गया। इसके बाद व्रतियों ने परिवार के साथ खरना का प्रसाद ग्रहण किया और 36 घंटे के निर्जल व्रत का संकल्प लिया। खरना के लिए घरों में आम की लकड़ी से चूल्हा जलाकर पारंपरिक तरीके से ठेकुआ और चावल व गुड़ अथवा गन्ने के रस की खीर बनाई गई। देशी घी में तैयार ठेकुआ की खुशबू से घर-आंगन महक उठे। प्रसाद ग्रहण करने के बाद ठेकुआ परिजनों और परिचितों में वितरित किया गया। अब व्रती महिलाएं रविवार को अस्ताचलगामी और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगी। सोमवार सुबह अर्घ्य के बाद ही 36 घंटे के निर्जल व्रत का पारण होगा। इस दौरान घरों में छठी मइया के गीतों की गूंज सुनाई देती रही। दूर-दराज में नौकरी करने वाले परिजनों और रिश्तेदारों के घर पहुंचने से पर्व की रौनक और बढ़ गई।

महंगे फलों ने बढ़ाई पूजा की डलिया की कीमत

शनिवार को शहर के बाजारों में खरीदारी की खासी रौनक रही। व्रती महिलाओं ने पूजन के लिए फल, सूप और अन्य जरूरी सामग्री जुटाई। पूजा की डलिया में सजाने के लिए सुथनी, कच्ची अदरक, डाभ नींबू, सुधनी, कच्ची हल्दी, गन्ना, नारियल, शकरकंद, आंवला, कैथा, अनानास, सिंघाड़ा, शरीफा, केला, अनार, सेब, आलू बुखारा और पपीता समेत कई फल खरीदे गए। फल विक्रेताओं के मुताबिक सेब, नारियल, संतरा, अनानास और पपीता के भाव में खास बदलाव नहीं हुआ है, जबकि ड्रैगन फ्रूट, विदेशी अमरूद और आलू बुखारा महंगे हुए हैं। इनकी कीमतों में तेजी का असर पूजा की डलिया पर भी पड़ा है। बाजार में आकार और फलों की मात्रा के हिसाब से एक डलिया दो हजार से पांच हजार रुपये तक में तैयार हो रही है।

छठ पर्व से गहरा जुड़ाव

छठ पर्व से गहरा जुड़ाव है। इन चार दिनों में पूरा परिवार भक्ति और उत्साह में डूबा रहता है। मइया का आशीर्वाद परिवार पर हमेशा बना रहे, यही कामना है।
-समिता सिंह, निवासी मसौली

सूर्य उपासना से आत्मिक शक्ति

हमारे परिवार में तीन दशक से अधिक समय से छठ की परंपरा निभाई जा रही है। सूर्य उपासना से आत्मिक शक्ति मिलती है और मइया के प्रति अटूट श्रद्धा बनी हुई है।
-रामनाथ मौर्य, श्रद्धालु

सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक

छठ पर्व आस्था के साथ सकारात्मक ऊर्जा का भी प्रतीक है। सूर्य उपासना से मन में नई शक्ति और परिवार में सुख-शांति का विश्वास मिलता है।
-पूजा वर्मा, निवासी गुरेला

यह भी पढ़ेंः PM मोदी सहित BJP नेताओं ने दी छठ की शुभकामनाएं: सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व की शुरुआत पर सुख-समृद्धि की कामना

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.