Barabanki News : बाराबंकी में BLO और सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण, डीएम बोले- कोई पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से न छूटे

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बाराबंकी में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। डीएम ईशान प्रताप सिंह ने पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, सूची का सत्यापन करने और युवाओं व नवविवाहित महिलाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बाराबंकी, अमृत विचार। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को हिन्द मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में विधानसभा क्षेत्र 268-बाराबंकी और 269-जैदपुर के बीएलओ एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुनरीक्षण का कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और सावधानी के साथ किया जाए। 

उन्होंने बीएलओ को बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के संपर्क में रहने, मतदाता सूची के ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो की जानकारी रखने तथा राजस्व ग्राम के प्रत्येक मजरे में सूची का पढ़कर सत्यापन करने के निर्देश दिए। 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं और नवविवाहित महिलाओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान देने को कहा। 

साथ ही प्राप्त होने वाले प्रत्येक फॉर्म का प्रतिदिन डिजिटाइजेशन और मोबाइल नंबर सहित रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए। सुपरवाइजरों से बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी निरंकार सिंह ने कहा कि बीएलओ घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची का सत्यापन करें और प्राप्त प्रपत्रों की नियमानुसार जांच कर समय से डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण में जैदपुर विधानसभा के 460 बीएलओ और 45 सुपरवाइजर तथा बाराबंकी विधानसभा के 439 बीएलओ और 40 सुपरवाइजर समेत कुल 899 बीएलओ एवं 85 सुपरवाइजर शामिल हुए। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ईआरओ गुंजिता अग्रवाल और डिप्टी कलेक्टर व ईआरओ शैलेन्द्र वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

चार जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रारूप मतदाता सूची 17 नवंबर को प्रकाशित होगी। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

यह भी पढ़ें:-Barabanki News: हादसों में जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों को मिला सहारा, सरकार ने बांटे 42.50 लाख रुपये

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।