बरेली, अमृत विचार। पुलिस ने मुठभेड़ में दिल्ली से लग्जरी कारों को चोरी कर उन्हें कौड़ियों के दामों में बेचने वाले पांच प्रॉपर्टी डीलरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से छह लग्जरी कार और तीन बुलेट मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गैंग का सरगना समेत आठ वाहन चोर मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार चोरों को तलाश कर रही है। इसके साथ जो लोग चोरी की गाड़ियों के फर्जी पेपर तैयार करते थे। उनकी भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने पांचों चोरों को जेल भेज दिया है।
एसपी देहात डा. संसार सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार रात भोजीपुरा पुलिस को सूचना मिली की हाईवे पर स्थित सैदपुर चुन्नी लाल गांव के पास कुछ संदिग्ध लोग देखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने पांच लोगों को मौके से पकड़ लिया, जबकि गैंग के सरगना समेत आठ लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम इब्ने अली निवासी टाह प्यारी नवादा, थाना नवाबगंज व हाल निवासी मुंशीनगर, नन्दराम निवासी मोरनिया, अमन कुमार निवासी चावड़, फरहद उर्फ गुड्डू निवासी परतापुर जीवन सहाय इज्जतनगर, अकरम निवासी जाटवपुरा वार्ड- एक, रिठौरा बताया।
पकड़े गए आरोपी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। वह चोरी की कारों को खरीदते और बेचा करते थे। पुलिस को उनके पास से दिल्ली से चोरी की छह लग्जरी कारें और तीन बुलेट मिली हैं। उन्होंने पूछताछ में बताया कि उनके गैंग का लीडर हसीब है और वह डेरा सहाय, जनपद संभल का रहने वाला है। उसके साथ भोजीपुरा निवासी महेंद्र, देवेश, अजमल, प्रेमप्रकाश निवासी नवाबगंज, संदीप उर्फ सोनू राठौर, महेंद्र पाल निवासी पुरनापर, थाना बिथरी मौके से फरार हो गए। शनिवार को पुलिस ने पकड़े गए अपराधियों को जेल भेज दिया।
फर्जी कागजात बनाकर, बदल देते थे चेचिस नंबर
गैंग के लोग दिल्ली से कार और बुलेट चुराकर लाते थे और गाजियाबाद में आते ही उनके नंबर और चेचिस नंबर बदल दिया करते थे। उसके बाद सैदपुर चुन्नी लाल निवासी दौलत खां के खाली प्लाट पर चोरी के वाहन खड़े कर देते थे। यहां पर वह ठगों से मिलकर गाड़ी के फर्जी कागज तैयार कर फर्जी नंबर के आधार पर वाहन का चेचिस नंबर बदलने का कार्य करते थे।
मजबूरी में बेचने की बात कहकर करते थे डील
मजबूरी की बात कहकर 12 लाख तक की लग्जरी कार को वह दो से चार लाख में बेच दिया करते थे। लंबे समय से वह यह काम कर रहे थे। कुछ चोरी की गाड़ियों का तो अब तक रजिस्ट्रेशन ही नहीं हुआ था और यह चोर उसे चुराकर बरेली ले आए और सौदा कर दिया।
50 से अधिक वाहन बेच चुका है गैंग
पूछताछ में पता चला है कि गैंग अब तक 50 के आसपास वाहन चोरी कर चुका है। सबसे ज्यादा वाहन चोरी यह दिल्ली से करते हैं और उसे तुरंत दिल्ली का बार्डर पार कराते हैं। इसके बाद वह गुरुग्राम और कभी कभी गाजियाबाद से गाड़ियां चोरी करते थे।
फर्जी कागज तैयार करने वालों की तलाश
वाहनों की फर्जी आरसी और नया नंबर लगवाने वालों की तलाश की जा रही है। माना जा रहा है कि यह एक बड़ा गैंग है जो आरटीओ से मिला रहता है। उसे पता रहता है कि लग्जरी कारों के नंबर क्या-क्या हैं। इसके बाद वह कार के हिसाब से चोरी की गाड़ी की आरसी और नंबर मुहैया कराता है।
“गैंग में कितने लोग हैं और वह लोग यह काम कब से कर रहे हैं। इसकी जांच कराई जा रही है। साथ ही फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” -शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी