बरेली: संघ के कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण समेत छह गतिविधियों पर दिया जोर

बरेली, अमृत विचार। बरेली में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत का कार्यकर्ता परिवार मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें ब्रज प्रांत में बरेली विभाग के प्रमुख स्वयंसेवक अपने परिवार के सदस्यों के साथ शामिल हुए। इस कार्यक्रम में करीब 300 परिवारों के 700 सदस्यों ने हिस्सा लिया। सुबह 11 बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम दोपहर एक बजे तक चला। इसके बाद स्वयंसेवकों के परिवारों के साथ संघ प्रमुख मोहन भागवत सहभोज में भी शामिल हुए।

आपको बता दें कि संघ के इस कार्यक्रम के चलते विश्वविद्यालय के सभी गेटों पर पुलिस जवानों की तैनाती के साथ सख्त पहरा रहा। वहीं क्यूआर कोड आईडी से संगठन के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं और उनके परिवार के सदस्यों को डोहरा रोड वाले यूनीवर्सिटी के गेट से प्रवेश दिलाया गया। इस कार्यक्रम को लेकर शनिवार सुबह से देर रात तक तैयारियां चलती रहीं। जिसमें मुख्य गेट से कार्यक्रम स्थल तक रास्ते को भव्यता से सजाया गया। साथ ही अटल सभागार में भी विशेष तैयारियां की गईं।

वहीं इस कार्यक्रम में शामिल हुए संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में संघ प्रमुख ने प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और भौतिकवादी विकास की अंधी दौड़ में पर्यावरण के लिए संकट पैदा होने पर चिंता जताई। उन्होंने पर्यावरण बचाने के लिए 'एक वृक्ष राष्ट्र के नाम' लगाने की अपील की। जिससे भविष्य में पर्यावरण को बचाया जा सके। वहीं उन्होंने संघ द्वारा शुरू की गई पर्यावरण संरक्षण, गौ संवर्धन, सामाजिक समरसत समेत छह गतिविधियों पर सभी से काम करने को कहा है। आपको बता दें तीन दिवसीय प्रवास पर बरेली पहुंचे संघ प्रमुख का काफिला कार्यकर्ता परिवार मिलन कार्यक्रम के बाद डोहरा रोड पर स्थित बीआरएम स्कूल वापस चला गया।

ये भी पढे़ं- जिले की कई हस्तियों को 'बरेली गौरव' सम्मान, उद्योग व्यापार संगठन ने किया सम्मानित

 

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).