अमृत विचार, बरेली। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की रोकथाम करना स्वास्थ्य विभाग के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। यह इसलिए क्योंकि इसके लिए कोई वैक्सीन नहीं है। इसी के चलते विशेषज्ञों ने कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक दूरी, हाथों को नियमित तौर पर धोने और मास्क लगाने को बताया गया है।
बचाव के इन तरीकों में मास्क को बेहद जरूरी बताया गया है। खुर्रम गौटिया स्थित कोविड चिकित्सालय के सीएमएस डा. वागीश वैश्य का कहना है कि मास्क संक्रमण से बचाव के लिए सबसे अधिक उपयोगी है। यह संक्रमण से 80 फीसद तक बचाता है। उन्होंने बताया कि मास्क मानकों के अनुसार हो और सही तरह से पहना जाए।
इसमें तीन परत वाला सर्जिकल मास्क पहन सकते हैं या घर पर साफ कपड़े से बनाए गए तीन परत के मास्क को भी उपयोग में ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय कार्य करने वाले लोगों को एन-95 मास्क पहनना चाहिए। सीएमएस ने बताया कि सर्जिकल मास्क गीला होने पर उपयोगी नहीं होता। इसी तरह मास्क पहनने का तरीका भी ठीक रखें। इसे इस तरह पहनें कि वह नाक और मुंह दोनों को कवर करे। मास्क को गले पर न लटकाएं और न ही बार-बार ऊपर-नीचे करें।
बाजार में उपलब्ध हैं विभिन्न प्रकार के मास्क
कोरोना संक्रमण शुरू होने के बाद मास्क के व्यापार ने तेजी पकड़ी है। अब बाजार में कई तरह के मास्क मौजूद हैं। इनमें एक लेयर वाला मास्क पांच रुपये तक में बाजार में उपलब्ध है। तीन लेयर मास्क कई तरह का है। इसमें डिस्पोजल मास्क भी शामिल है। यह डिस्पोजल मास्क दस रुपये तक का है जबकि एन-95 मास्क की कीमत 60 से 150 रुपये तक है। सरकारी मशीनरी द्वारा बड़ी संख्या में कपड़े के मास्क भी उपलब्ध कराए गए हैं।