डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर शनिवार को तहसील सदर सभागार में डीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में महानगर के उचित दर विक्रेताओं की बैठक हुई। इसमें स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने और आम लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने पर चर्चा की गई।
एडीएम ने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उचित दर विक्रेता अपनी दुकानों पर आने वाले प्रत्येक राशन कार्डधारक को स्व-गणना के बारे में जानकारी दें और उन्हें निर्धारित अवधि में परिवार का विवरण खुद दर्ज करने के लिए प्रेरित करें।
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने भी उचित दर विक्रेताओं से इस अभियान को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि राशन की दुकानों पर नियमित रूप से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में इन दुकानों के माध्यम से जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने में मदद मिलेगी। बैठक में संबंधित अधिकारी और उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।
15 दिन का मिलेगा मौका
जनगणना-2027 के तहत 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान लोग अपने परिवार का ब्योरा स्वयं दर्ज कर सकेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि राशन की दुकानों के माध्यम से इस सुविधा की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचे।