बरेली: ब्राह्मण फिर दरकिनार, कुर्मी चेहरों पर ही भरोसा

बरेली, अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष सीट पर कब्जा करने के बाद भाजपा ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी दबदबा बनाने के लिए कुर्मी समाज के उम्मीदवारों पर ही भरोसा जताया है। 15 ब्लॉकों में सात सीटों पर कुर्मी चेहरों पर दांव खेला है। जनपद में छह सीटें सामान्य होने के बावजूद भाजपा ने एक भी …

बरेली, अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष सीट पर कब्जा करने के बाद भाजपा ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी दबदबा बनाने के लिए कुर्मी समाज के उम्मीदवारों पर ही भरोसा जताया है। 15 ब्लॉकों में सात सीटों पर कुर्मी चेहरों पर दांव खेला है। जनपद में छह सीटें सामान्य होने के बावजूद भाजपा ने एक भी ब्राह्मण चेहरे को जगह नहीं दी।

जबकि क्यारा, दमखोदा, भदपुरा, भोजीपुरा, शेरगढ़ और भुता ब्लॉक की सामान्य सीटें थीं और बड़ी संख्या में ब्राह्मण चेहरे क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर जीते हैं। उन्हें इस चुनाव में उम्मीदवार न बनाए जाने को लेकर ब्राह्मण समाज में मायूसी छाई है। वहीं, हाईकमान ने मिशन 2022 के दृष्टिगत कई ब्लॉकों में यादव, चौहान बिरादरी के लोगों को साधने के लिए कई को उम्मीदवार बनाया है। भुता ब्लॉक सीट पर देर रात तक उम्मीदवार घोषित करने पर निर्णय नहीं हो सका। इस सीट पर टकराव की स्थिति देखकर भाजपा नेता विचार विमर्श कर रहे हैं।

बहेड़ी विधायक के भतीजे की पत्नी, आंवला विधायक के पुत्र को बनाया उम्मीदवार
बुधवार शाम जारी उम्मीदवारों की सूची में भाजपा हाईकमान ने जनप्रतिनिधियों का भी पूरा ख्याल रखा है। बहेड़ी विधायक छत्रपाल गंगवार के भतीजे रवि गंगवार की पत्नी रश्मि गंगवार को भदपुरा ब्लॉक से उम्मीदवार तो पूर्व सिंचाई मंत्री एवं आंवला विधायक धर्मपाल सिंह के बेटे यशवंत सिंह को मझगवां से उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में पत्नी की दावेदारी पेश कराने वाले निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख योगेश कुमार पटेल को साधने के लिए उन्हें इस बार भी भोजीपुरा ब्लॉक से उम्मीदवार बनाया है। पिछड़ा मोर्चा भाजपा के अध्यक्ष की कमान संभालने वाले अमरेंद्र सिंह सिंधू को बहेड़ी के अलावा कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को उम्मीदवार बनाया है।

ब्लॉक प्रमुखी के प्रत्याशियों की सूची

      ब्लॉक प्रत्याशी                    नाम

  • आलमपुर जाफराबाद           आरती देवी पत्नी वेदपाल यादव
  • क्यारा                                 रजनी देवी पत्नी अरविंद चौहान
  • दमखोदा                             स्नेहलता गंगवार
  • नवाबगंज                            प्रज्ञा गंगवार
  • फरीदपुर                            सोनम पत्नी श्रीपाल
  • बहेड़ी                                अमरेंद्र सिंह सिंधू
  • बिथरी चैनपुर                      ब्रजेश कुमार पत्नी हरेंद्र पटेल
  • भदपुरा                              रश्मि गंगवार पत्नी रवि गंगवार
  • भोजीपुरा                            योगेश कुमार पटेल
  • मझगवां                              यशवंत सिंह
  • मीरगंज                              गोपाल कृष्ण
  • रामनगर                             नेहा आर्य
  • शेरगढ़                               अरविंद गंगवार
  • भुता                                  प्रत्याशी घोषित नहीं
  • फतेहगंज पश्चिमी                  पुष्पा देवी पत्नी भानुप्रसाद

प्रत्याशियों का चयन प्रदेश नेतृत्व स्तर से हुआ है। क्षेत्र पंचायत सदस्य बने ब्राह्मण समाज के किसी कार्यकर्ता ने दावेदारी नहीं की। दावेदारी होती तो विचार विमर्श होता। भाजपा ने हमेशा ब्राह्मणों को मान-सम्मान दिया है। – पवन शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा, बरेली

आलमपुर जाफराबाद में ब्राह्मण चेहरे को उम्मीदवार बनाना चाहते थे लेकिन निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख की स्थिति को देखते हुए आरती देवी को उम्मीदवार घोषित किया है। भुता ब्लॉक में दमदार प्रत्याशी उतारेंगे। इसलिए चयन करने में कुछ विलंब हो रहा है। गुरुवार सुबह तक प्रत्याशी घोषित कर दिया जाएगा। -वीर सिंह पाल, जिलाध्यक्ष भाजपा आंवला

भाजपा, सपा समेत अन्य पार्टियों के जिलाध्यक्ष से मिलकर ब्राह्मण समाज के लोगों को भी ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सामान्य सीटों पर प्रत्याशी उतारने का अनुरोध किया था लेकिन भाजपा की बुधवार को जारी सूची में बरेली और बदायूं जनपद में एक भी ब्राह्मण चेहरे को उम्मीदवार नहीं बनाया गया। बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर ब्राह्मण चेहरे जीते हैं और उन्होंने ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए दावेदारी भी की थी लेकिन तवज्जो नहीं मिली। संगठन के साथ मिलकर आगे की रणनीति बनाएंगे। – पंडित नितिन भारद्वाज, जिलाध्यक्ष अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा उत्तर प्रदेश

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).