बरेली, अमृत विचार। मंदिर की संपत्ति पर महंत का एक रिश्तेदार माफिया के साथ मिलकर कब्जा करना चाहता है। इन लोगों ने कई बार जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया तो कभी सौदा करने की कोशिश की। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी से की है।
बदायूं रोड पर प्राचीन हनुमान मंदिर है, जहां अंकुर नाथ गोस्वामी पुजारी हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर की जमीन पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। इस बात को लेकर उनका विवाद भी हो चुका है। इसी कारण उन्होंने अपने एक रिश्तेदार को कुछ समय पहले बुला लिया था, जिसके बाद वह मंदिर में ही रहने लगा और अपना परिवार भी ले आया।
आरोप है कि अब वही रिश्तेदार लोगों के साथ मिलकर मंदिर की जमीन का सौदा कर रहा है। विरोध करने पर उन्हें धमकाता है। उसके साथ में कुछ माफिया भी मिल गए हैं। पीड़ित ने इसकी शिकायत मंगलवार को एसएसपी से की है। एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।