बरेली,अमृत विचार : अगर आप छोटा-मोटा कारोबार करते हैं, ठेला-पटरी लगाते हैं या आपकी आमदनी कम है, तो अब आपको पैसों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक, बरेली ने एक ऐसा फैसला लिया है जिससे आम जनता के चेहरे खिल गए हैं। बैंक अपनी नई योजना 'अर्बन कोऑपरेशन स्कीम' लेकर आया है। इसके तहत लोन लेने के लिए ना तो कोई इनकम प्रूफ (कमाई का कागज़) देना होगा और ना ही किसी ज़मानत या गारंटी की ज़रूरत होगी। बस एक सादे कागज़ पर अपनी बात लिख कर देनी होगी और लोन आपके हाथ में होगा।
30वीं एजीएम में लगा दिग्गजों का तांता
बैंक की 30वीं बड़ी बैठक में यूपी के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पहुंचे। उन्होंने बैंक के इस कदम की जमकर तारीफ की और कहा कि इससे छोटे कारोबारियों का जीवन आसान होगा।
बैंक का रिकॉर्ड तोड़ा प्रदर्शन, 16 साल से 0% डूबा पैसा: बैठक में बैंक के प्रबंध निदेशक श्रीपाल कश्यप ने बैंक के शानदार आंकड़े भी रखे...
जमा रकम में उछाल: बैंक में लोगों का भरोसा बढ़ा है, जमा पैसा 16.69% बढ़ गया है।
दनादन बंटे लोन: लोन बांटने की रफ्तार 10.77% की दर से आगे बढ़ी है।
एक रुपया नहीं डूबा: सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले 16 सालों से बैंक का नेट एनपीए (डूबा हुआ पैसा) बिल्कुल 0% है।
कार्यक्रम के अंत में बैंक का नाम रोशन करने वाले कर्मचारियों और पुराने ग्राहकों को शॉल, ट्रॉफी और सम्मान पत्र देकर नवाजा गया।
यह भी पढ़ेंः रिटायर होने की उम्र में मिली सरकारी नौकरी! 27 साल की मेहनत के बाद विजय कुमार ने पूरा किया अपना सपना