लखनऊ,अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के निगोही थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्रैया गांव में दो किशोरियों के शव गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर एक ही दुपट्टे के सहारे लटके पाए गए। इस घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पक्की सहेलियां और आपस में बहनें थीं दोनों किशोरियां
मृतक किशोरियों की पहचान हर्रैया गांव निवासी 17 वर्षीय नैना और उसकी 15 वर्षीय फुफेरी बहन किरण के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों आपस में ममेरी-फुफेरी बहन होने के साथ-साथ गहरी सहेलियां भी थीं और अक्सर एक साथ ही समय बिताती थीं। सोमवार सुबह करीब 5 बजे जब ग्रामीण गांव के बाहर से गुजर रहे थे, तब उन्होंने पेड़ से दोनों के शव लटके देखे। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी।
इंस्टाग्राम पर रील बनाने की शौकीन थीं दोनों, जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि दोनों किशोरियों के माता-पिता बाहर रहकर मजदूरी का काम करते हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि दोनों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रील बनाने का काफी शौक था। घटना से पहले किरण के पिता ने फोन पर किसी बात को लेकर उसे फटकार लगाई थी, जिसके बाद यह कदम उठाए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पिता की फटकार और इस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का संबंध अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किन परिस्थितियों में किशोरियों की मौत हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें:-