लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे पर पलटी यात्रियों से भरी बस: 40 फीट गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 3 की मौत और 45 घायल

Amrit Vichar Network
On

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: 40 फीट खाई में पलटी बस, 3 यात्रियों की मौत व 45 घायल, डिप्टी सीएम ने दिए जांच के आदेश

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर पारा थाना क्षेत्र के मोहान जीरो पॉइंट के पास यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार लग्जरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 40 फीट गहरी खाई में जा पलटी। इस दर्दनाक हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 45 से अधिक लोग घायल हो गए।

लखनऊ,अमृत विचार:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर पारा थाना क्षेत्र के मोहान जीरो पॉइंट के पास यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार लग्जरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 40 फीट गहरी खाई में जा पलटी। इस दर्दनाक हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 45 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के शिकार हुए ज्यादातर यात्री राजस्थान से बिहार अपने घर छठ पर्व मनाने जा रहे थे। हादसे की हादसे की जानकारी मिलते ही प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक केजीएमयू (KGMU) ट्रॉमा सेंटर और लोक-बंधु अस्पताल पहुंचे और घायल की स्थिति का जायजा लिया वहीे मुख्यमंत्री ने घायलों के और मृतकों के परिवारजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। 

छठ पर्व मनाने अपने घर लौट रहे थे 60 यात्री

बिहार नंबर की यह लग्जरी बस राजस्थान के भिवाड़ी से यात्रियों को लेकर बिहार जा रही थी। बस में महिलाओं, पुरुषों और छोटे बच्चों समेत लगभग 55 से 60 यात्री सवार थे, जो लोक आस्था के पर्व छठ को मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच लखनऊ जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर एक्सप्रेस-वे के पहले टोल के पास बस अचानक अनियंत्रित हुई और खाई में गिर गई। बस पलटने से उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और दर्जनों लोग अंदर ही फंस गए।

फायर सर्विस और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पारा थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुँच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सरोजनीनगर के अग्निशमन अधिकारी (FSO) सुमित प्रताप सिंह ने फायर कर्मियों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बस का टायर फटने की वजह से यह भीषण दुर्घटना हुई। हालांकि, हादसे के सटीक और वास्तविक कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

शीशे तोड़कर निकाले गए यात्री, बच्चों को गोद में उठाकर एम्बुलेंस तक पहुँचाया

बस के खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पारा थाना पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ (SDRF) की दो टीमें मौके पर पहुँचीं। 50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए शीशे तोड़ने पड़े और जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी घायल छोटे-छोटे बच्चों को अपनी गोद में उठाकर एम्बुलेंस तक पहुँचाते नजर आए।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुँचकर लिया जायजा

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक केजीएमयू (KGMU) ट्रॉमा सेंटर और लोक-बंधु अस्पताल पहुँचे। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के समुचित इलाज के सख्त निर्देश दिए। घटना की जानकारी देते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि हादसे में 3 लोगों की मृत्यु हुई है। एक मृतक को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर और 2 मृतकों को लोक-बंधु अस्पताल लाया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 31 घायलों का इलाज लोक-बंधु अस्पताल में और 13 गंभीर मरीजों का इलाज केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। जिला प्रशासन के माध्यम से सभी घायलों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है और पूरी घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें:- 
मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू कार हाईवे पर पोल से टकराई, जिंदा जले 6 लोग, देखे वीडियो

संबंधित समाचार