Bareilly News: बरेली की पीलीभीत रोड बदलेगी शहर की रफ्तार, 122.83 करोड़ से बनेगा सिक्सलेन कॉरिडोर

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक 60 करोड़ से निर्माण, सेटेलाइट तक सड़क चौड़ी करने पर 62.83 करोड़ होंगे खर्च; चौराहों को मिलेगी नाथ नगरी की पहचान

बरेली में पीलीभीत रोड को सिक्सलेन बनाने की दो परियोजनाओं पर काम चल रहा है। 122.83 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण, चौराहों का सौंदर्यीकरण और बेहतर कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी।

बरेली, अमृत विचार। शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल पीलीभीत रोड आने वाले समय में नए स्वरूप में नजर आएगी। बढ़ते ट्रैफिक, जाम और तेजी से विकसित हो रहे व्यावसायिक क्षेत्र को देखते हुए इस मार्ग को सिक्सलेन बनाने की तैयारी तेज हो गई है। बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक 4.86 किलोमीटर सड़क का निर्माण करीब 60 करोड़ रुपये से कराया जा रहा है। वहीं, बैरियर टू से सेटेलाइट चौराहे तक 7.42 किलोमीटर सड़क चौड़ी करने के लिए 62.83 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई है। दोनों परियोजनाओं पर कुल 122.83 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनके पूरा होने से एयरपोर्ट, अस्पतालों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
 

कारोबार बढ़ा तो सड़क पर भी बढ़ा दबाव

पीलीभीत रोड अब केवल शहर से बाहर जाने का रास्ता नहीं रह गई है, बल्कि तेजी से विकसित हो रहे कारोबारी क्षेत्र के रूप में पहचान बना रही है। पिछले कुछ वर्षों में यहां बड़े शोरूम, निजी अस्पताल, होटल और व्यावसायिक संस्थान बढ़े हैं। आबादी और प्रतिष्ठानों के विस्तार के साथ वाहनों की संख्या भी बढ़ी है। ऐसे में सड़क चौड़ीकरण को यातायात की जरूरत के साथ शहर के भविष्य के विकास से जोड़कर देखा जा रहा है।

बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक सिक्सलेन निर्माण

बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक करीब 4.86 किलोमीटर सड़क को फोरलेन से सिक्सलेन में बदला जा रहा है। इस परियोजना पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें सड़क चौड़ीकरण के साथ डिवाइडर, फुटपाथ और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी देना भी इस परियोजना का अहम उद्देश्य है।

सेटेलाइट तक दो चरणों में होगा काम

बैरियर टू से सेटेलाइट चौराहे तक 7.42 किलोमीटर सड़क चौड़ी करने की योजना को दो चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में बैरियर टू से सुरेश शर्मा नगर चौराहे तक 3.50 किलोमीटर सड़क पर 30.42 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दूसरे चरण में सुरेश शर्मा नगर से सेटेलाइट तक 3.92 किलोमीटर सड़क के लिए 32.41 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। पीडब्ल्यूडी से सड़क हस्तांतरण और एनओसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को टेंडर खोले जाएंगे।

चौराहों पर दिखेगी नाथ नगरी की झलक

सड़क चौड़ीकरण के साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी इस परियोजना से जोड़ा जा रहा है। विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहे और सौ फुटा तिराहे को नाथ नगरी की थीम पर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा बैरियर टू चौकी से सेटेलाइट तक प्रमुख स्थानों के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई गई है।

अस्पतालों और एंबुलेंस को मिलेगी सहूलियत

पीलीभीत रोड पर कई बड़े अस्पताल और चिकित्सा केंद्र हैं। सड़क चौड़ी होने से मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। चिकित्सक डॉ. विमल भारद्वाज ने सुझाव दिया कि सिक्सलेन निर्माण के दौरान डिवाइडर कट की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। अस्पतालों के आसपास उचित दूरी पर कट होने से एंबुलेंस को अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और आपातकालीन मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।

बेहतर कनेक्टिविटी से बढ़ेंगे कारोबार के अवसर

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के मुताबिक, पीलीभीत रोड पर बेहतर सड़क बनने से व्यापारिक गतिविधियों को विस्तार मिलेगा। एयरपोर्ट की नजदीकी और मजबूत कनेक्टिविटी इस क्षेत्र को निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण बना रही है। उद्यमी दिनेश गोयल का मानना है कि सड़क चौड़ी होने से नए प्रतिष्ठान खुलने की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

उद्यमी राजेश गुप्ता के अनुसार, मजबूत सड़क नेटवर्क आर्थिक विकास के लिए जरूरी है। सिक्सलेन बनने से मालवाहक वाहनों को आवागमन में सुविधा होगी और सामान की ढुलाई में लगने वाला समय कम हो सकेगा।

निर्माण के दौरान परेशानी, पूरा होने पर राहत की उम्मीद

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कार्य के चलते फिलहाल कई स्थानों पर धूल और अधूरे काम से आवागमन प्रभावित हो रहा है। होटल संचालक सचिन पटेल और व्यापारी सुनील के मुताबिक, निर्माण पूरा होने के बाद ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने और कारोबार को फायदा मिलने की उम्मीद है।

समयसीमा और गुणवत्ता पर रहेगा जोर

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के अनुसार, पीलीभीत रोड पर बढ़ते यातायात और शहरी विस्तार को देखते हुए सिक्सलेन परियोजना तैयार की गई है। उद्देश्य सड़क चौड़ी करने के साथ बेहतर यातायात व्यवस्था और नियोजित विकास को बढ़ावा देना है। निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का ध्यान रखा जा रहा है। प्रमुख चौराहों को नाथ नगरी की थीम पर विकसित कर आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान भी उभारी जाएगी।

ये भी पढ़ें-दीपावली पर शाहजहांपुर रोडवेज की बल्ले-बल्ले, पांच दिन में कमाए 2.11 करोड़

संबंधित समाचार